
जबलपुर (जयलोक)। गौर चौकी अंतर्गत सिलुआ घाट में आज दोपहर को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां नदी में नहाने के दौरान दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने दोनों के शवों को पानी से निकाला और पीएम के लिए भिजवाया। दूसरी ओर पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
गौर चौकी प्रभारी नितिन पाण्डे ने बताया कि मृतकों के नाम धु्रव पटेल 19 वर्ष और सागर पटेल 17 वर्ष थे। दोनों अच्छे दोस्त थे और गांव में आसपास ही दोनों के घर हैं। आज दोपहर को दोनों ने नर्मदा में नहाने की योजना बनाई। इसी दौरान सागर गहरे पानी में भंवर में फंस गया। सागर को भंवर में फंसता देख धु्रव भी पानी में उतर गया और अपने साथी को बचाने में जी जान लगा दी। लेकिन दोनों ही गहरे पानी और भंवर में फंस गए जिससे डूबने से दोनों की कुछ देर में ही मौत हो गई।

नदी किनारे मिले कपड़े
दोनों युवा जब काफी देर तक घर नहीं पहुँचे तो परिवार वालों ने दोनों की तलाश शुरू की। इसी बीच दोनों के कपड़े नदी किनारे पाए गए।
अनहोनी की आशंका पर ग्रामीणों ने इस बात की सूचना गौर चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों की तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।

नदी के बीच में है भंवर
गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे का कहना है कि जिस जगह पर दोनों युवक नहा रहे थे। वहां नदी में कहीं गहरा पानी तो कहीं कम पानी है वहीं कुछ ही दूरी पर भंवर भी है। गहरे पानी में जाने के दौरान दोनों भंवर में भी फंस गए जिससे दोनों बाहर नहीं निकल पाए और उनकी डूबने से मौत हो गई।


Author: Jai Lok






