
जबलपुर (जयलोक)। बारिश के दौरान मदन महल अंडर ब्रिज में जलभराव की समस्या से अब राहत मिलने वाली है। नगर निगम इस ओर जरूरी कदम उठा रहा है और जलभराव की स्थिति को देखते हुए यहां अस्थायी वाटर पंप मशीन लगाने की बात कही जा रही है। जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर पानी की निकासी की जा सके। इस ओर जल्द ही निगम कार्य भी शुरू कर देगा। इस पहल को लेकर नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी अभिनव मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि रेलवे से समन्वय और आवश्यक तकनीकी अनुमति मिलने के बाद ही उच्च क्षमता वाले पंप स्थापित किए जाएंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से जलभराव की स्थिति में काफी कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित, निर्बाध एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिल सकेगा। इससे यातायात बाधित होने की घटनाएं भी कम होंगी।रोज अंडर ब्रिज से गुजरते हैं वाहन- मदन महल अंडर ब्रिज से रोज सैंकड़ों वाहनों का आना जाना लगा रहता है। लेकिन बारिश के दौरान कई बार ऐसी स्थिति बनी हैं कि अंडर ब्रिज के बीच में भी वाहनों के पहिए थम जाते हैं।
जिसके बाद के्रन की मदद से वाहनों को बाहर निकालना पड़ता है। ऐसे में यहा वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो जाते हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है। अब नगर निगम द्वारा की जा रही इस पहल से मानसून के दौरान लोगों को होने वाली दिक्कतों को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी।

Author: Jai Lok






