
जबलपुर (जय लोक)। सेंट एलॉयसियस स्कूल में आज धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए ङ्क्षहदू संगठनों ने जमकर हंगामा मचाया। स्कूल पहुँचे हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए स्कूल में तोडफ़ोड़ भी की। सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और कार्यकर्ताओं को स्कूल में प्रवेश करने से रोका। इस दौरान हिंदू संगठनों की पुलिस से भी धक्का मुक्की देखने को मिली। मामला उस वक्त गर्मा गया जब स्कूल में काम करने वाले कर्मचारी ने स्कूल प्रबंधन पर धर्म परिवर्तन कराने दबाव बनाने का आरोप लगाया। जिसकी सूचना मिलते ही हिंदू संगठन आज स्कूल पहुँच गए। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्कूल में काम करने वाले हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि जो कर्मचारी धर्म परिवर्तन के लिए तैयार नहीं होते, उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कुछ कर्मचारियों ने इस मामले की शिकायत हिंदू संगठन से की थी। इसके बाद करीब 50 कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। करीब एक घंटे तक परिसर में हंगामा चलता रहा।

कर्मचारी ने कहा चर्च में पूजा करने का बनाते हैं दबाव
स्कूल में काम करने वाले एक कर्मचारी राजेश कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह पिछले 12 सालों से स्कूल में काम कर रहे हैं। उसका आरोप है कि पिछले तीन महीने से उस पर रोज चर्च जाकर पूजा करने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा था। ऐसा नहीं करने पर उसे परेशान किया जाने लगा और रविवार और सरकारी छुट्टियों के दिन भी काम पर बुलाया जाने लगा। राजेश ने आरोप लगाया कि जब उसे धर्म परिवर्तन करने से इंकार कर दिया तो उसे नौकरी से बाहर निकाल दिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि यह घटना सिर्फ उसके साथ नहीं हो रही है बल्कि स्कूल में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों पर भी इसी तरह का दबाव बनाया जा रहा है।

मौके पर पहुँचा पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही कैंट, गोरा बाजार और गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को स्कूल के अंदर जाने से रोका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी भी दी कि अगर इस तरह की हरकतें दोबारा हुईं तो वे फिर आंदोलन करेंगे।


Author: Jai Lok






