
जबलपुर (जय लोक)। सिहोरा थाना क्षेत्र के लांकना रोड स्थित आलासूर सिमरिया मोड़ के पास आज सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में करीब 40 मजदूर सवार थे, जिनमें से 23 घायल हो गए हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूरों को चरगवां और कूड़ा अमाडी गांव से लाहौद गांव धान की रोपाई करने ले जाया जा रहा था। तभी रास्ते में ओवरटेक करने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित होकर बीच रास्ते में पलट गया।
हादसा आज सुबह 11 बजे का बताया जा रहा है। जब सभी मजदूरों को धान रौपाई के लिए ले जाया जा रहा था। रास्ते में सिमरिया मोड़ पर सामने टे्रक्टर आ जाने के कारण पिकअप वाहन चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। लोगों ने जब यह हादसा देखा तो तुरंत बचाव के लिए दौड़े जिसके बाद एक एक कर सभी मजदूरों को पिकअप वाहन से बाहर निकाला गया।

ये है घायलों के नाम
घायलों में प्रियंका चौधरी, लाल चौधरी, मनीषा बाई, जयंती बाई, नंदकिशोर, राजकुमारी, सुदामा बाई, लाली बाई, संतरा बाई, आशीष चौधरी, सविता, गोमती, सुलोचना, राजीवी चौधरी, दीपक चौधरी सहित अन्य शामिल हैं। अधिकांश मजूदरों को मामूली चोटें आई हैं सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने भी मामले की जाँच शुरू कर दी है।

पिकअप वाहन चालक की खंगाली जा रही कुंडली
पुलिस अब पिकअप वाहन चालक के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। मजदूरों को किसके कहने पर धान रौपाई के लिए ले जाया जा रहा था। इसकी भी जानकारी हासिल की जा रही है। फिलहाल तो पिकअप वाहन चालक फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।


मजदूरों ने कहा वाहन चालक ने नहीं मानी बात
घायल मजदूरों ने कहा कि पिकअप वाहन चालक तेज गति से वाहन दौड़ा रहा था। इस दौरान चालक को वाहन धीमा चलाने को भी कहा गया। लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ और तेज गति से वाहन दौड़ाता रहा। हादसे में कई मजदूर वाहन में दब गए थे जिन्हें गंभीर चोटें भी पहुँची हैं। गनीमत रही कि समय पर सभी मजदूरों को वाहन से बाहर निकाल लिया गया और उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया।
उपभोक्ता अदालत का फैसला एथेनॉल वाले पेट्रोल से खराबी, नई कार देने के आदेश
Author: Jai Lok






