
आधारताल क्षेत्र में संचालित था देह व्यापार , संरक्षण के आरोप में आरक्षक सतीश निलंबित , टीआई ताम्रकार को थमाया नोटिस
जबलपुर (जय लोक)। अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत विगत 10 जुलाई को एक देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारा और यहां से दो महिलाओं और पाँच पुरुषों को पकड़ा था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को यह जानकारी मिली कि यह देह व्यापार का अड्डा काफी लंबे समय से संचालित हो रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों ने जब इसकी जाँच पड़ताल की तो पाया कि अधारताल थाने में पदस्थ एक आरक्षक सतीश झरिया की भूमिका इस अवैध कारोबार को संरक्षित करने में संदिग्ध नजर आ रही है साथ ही थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार की कर्तव्यों के प्रति भी लापरवाही नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने पूरे मामले की जाँच करने का जिम्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंपा है। जाँच के दौरान पुलिस विभाग के थाना प्रभारी और आरक्षक की भूमिका संदिग्ध नजर आने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया वहीं थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार को कारण बताओं नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण माँगा गया है।

अपराध पनपा तो जिसकी जिम्मेदारी उन पर होगी कार्यवाही
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय अपनी पूर्व की बैठकों में भी सभी अधिकारियों को यह स्पष्ट रूप से कह चुके हैं कि किसी भी थाना क्षेत्र में संगठित अपराध अगर पनप रहा है तो उसकी जवाबदारी थाना क्षेत्र के जिम्मेदारों की होगी। सबसे पहले जो बीट प्रभारी होगा उस पर कार्यवाही की जाएगी और थाना प्रभारी से भी सवाल जवाब होंगे और आवश्यकता हुई तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस व्यवस्था का बीट पुलिसिंग एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। बीट प्रभारियों को एक सीमित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी जाती है। ऐसी स्थिति में अगर वह अपने सीमित क्षेत्र का भी ठीक से आकलन नहीं करते या आपराधिक गतिविधियों को नजर अंदाज करते हैं तो फिर उनके ऊपर कार्यवाही होना निश्चित हो जाता है। बीट पुलिसिंग मजबूत होने से अपराध पर रोकथाम करना विशेष करके संगठित अपराध नशे के कारोबार और देह व्यापार जुआ सट्टा आदि किस्म के अपराधों पर मजबूती से नकेल कसी जा सकती है।

देह व्यापार के तार उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र तक
पुलिस की प्रारंभिक जाँच में इस बात की भी जानकारी सामने आई है कि सुहागी क्षेत्र में संचालित हो रहे देह व्यापार के सरगना मुकेश निखर तथा उसकी पत्नी मंजू निखर, मकान मालिक निमेष विनोदिया और आरुष लंबे समय से देह व्यापार का अवैध कारोबार कर रहे हैं और इनके तार उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई जिलों तक फैले हुए हैं जहाँ से यह सेक्स रैकेट संचालित करने के लिए युवतियों को बुलाते थे। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को भी इस बात के निर्देश दिए हैं कि वह अपने अधीनस्थ थानों में स्पष्ट रूप से निर्देशों का पालन कराएं। जिसके क्षेत्र में भी अपराध पनपेगा उस पर सख्त तौर पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।


लोकायुक्त कार्यालय में हथकड़ी लेकर प्रदर्शन करेंगे मध्य भारत मोर्चा के सदस्य
Author: Jai Lok






