Download Our App

Home » अपराध » खाद की कालाबाजारी और अवैध व्यापार करने वाले दो कृषि केंद्रों पर एफआईआर दर्ज

खाद की कालाबाजारी और अवैध व्यापार करने वाले दो कृषि केंद्रों पर एफआईआर दर्ज

जबलपुर, (जयलोक)। जिले में उर्वरकों की अवैध बिक्री और अधिक दर पर खाद बेचने की प्राप्त शिकायतों पर  की गई छापामार कार्यवाही में अनियमितताएं पाये जाने पर  कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के अधिकारियों ने दो कृषि केंद्र संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

उप संचालक कृषि उमेश कटहरे से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती मनीषा पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक जयपाल सिंह राठौर द्वारा गत दिनों मझगवां सिहोरा स्थित मेसर्स न्यू गोस्वामी कृषि केंद्र का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में इस प्रतिष्ठान के संचालक राकेश गोस्वामी द्वारा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए अनधिकृत स्रोतों से उर्वरक प्राप्त कर व्यापार करना पाया गया।
इसी प्रकार अनुविभागीय कृषि अधिकारी जबलपुर श्रीमती प्रतिभा गौर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक श्रीमती रश्मि परसाई, कृषि विस्तार अधिकारी सोनम जैन एवं श्री प्रजापति ने किसानों से प्राप्त शिकायत पर कालादेही बरगी स्थित जानकी कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। यहाँ संचालक बलिराम चौकसे द्वारा किसानों को शासकीय मूल्य से अधिक दर पर खाद बेची जा रही थी। इस केंद्र पर मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं थी।  निरीक्षण में सामने आया कि जानकी कृषि केंद्र पर किसानों से मनमाना दाम वसूला जा रहा था।  किसान कृष्ण कुमार चढ़ार ने बताया कि उन्होंने 09 जुलाई को 10 बोरी डीएपी 1600 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से कुल 16 हजार रुपये में खरीदी, जिसका भुगतान ऑनलाइन किया गया था। किसान प्रेम चंद कुर्मी ने बताया कि उनके पुत्र राज कुर्मी के नाम पर खाद का टोकन बुक था, लेकिन केंद्र संचालक ने निर्धारित मूल्य के बजाय प्रति बैग 1600 रुपये की मांग की।

उप-संचालक कृषि ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई गंभीरता को देखते हुये दोनों प्रतिष्ठिनों के संचालकों के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धाराओं के तहत आज शनिवार को क्रमश: बरगी और मझगवां थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उप संचालक कृषि ने बताया कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने किसानों से कृषि आदान सामग्री लेते समय बिल जरूर लेने की अपील की है।

सुप्रीम कोर्ट ने दो टूक कहा- कानून के दायरे में ही चलेगा बुलडोजर

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » खाद की कालाबाजारी और अवैध व्यापार करने वाले दो कृषि केंद्रों पर एफआईआर दर्ज

Top Headlines

Live Cricket