
जबलपुर (जय लोक)।भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष बनने का सपना भाजपा के कई दर्जन युवाओं की आंखों में पनप रहा है। लेकिन किसकी आंखों का यह सपना पूरा होगा इस बात के इंतजार में कई लोगों की रातों की नींद भी उड़ी हुई है। रविवार देर शाम भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने संगठनात्मक नियुक्तियों की पहली सूची जारी की। उक्त सूची में पदों के नाम थे जिनमें से जबलपुर ग्रामीण युवा मोर्चा अध्यक्ष के नाम पर भी घोषणा कर दी गई। पंकज तिवारी को जबलपुर ग्रामीण अध्यक्ष की कमान सौंप गई। अब युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद पर सबकी निगाहें टिकी है। मध्य प्रदेश के चार बड़े महानगरों में से एक जबलपुर राजनीतिक रूप से काफी अधिक सक्रिय जिला है और यहां होने वाले बदलाव या नियुक्तियां प्रदेश की राजनीति में अपना प्रभाव छोड़ती है। पहली सूची में जबलपुर के मोर्चा नगर अध्यक्ष का नाम नहीं आने से एक बात तो स्पष्ट हो गई है कि जो भी नाम चर्चा में है उनमें से किसी एक पर मोहर लगा देना आसान निर्णय नहीं है।

राजा जी की फौज करेगी मौज अब किसके सर होगी ताजपोशी
सालों बाद संगठन में शुरू हुए नियुक्ति के क्रम में अब पद और स्थान पाने वाले की संख्या में काफी इजाफा हो चुका है। बहुत सारे पद लंबे समय तक अपने निर्धारित कार्यकाल के पूर्ण हो जाने के बावजूद भी बदलाव के लिए प्रतीक्षारत थे, इसका प्रभाव यह हुआ कि दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती गई और संगठन के हर पद पर एक नाम पर सहमति बनाने में प्रदेश संगठन को काफी खींचतान का सामना करना पड़ा। हालांकि राजा जी की फौज के लोग मौज कर रहे हैं और युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं कि इस पद पर किसके नाम पर मोहर लगेगी और किसकी मौज होगी।
युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष के दावेदारों में जो नाम सबसे अधिक चल रहे हैं उनमें से हर नाम के पीछे एक न एक बड़ा नाम भी चर्चाओं में है। विद्यार्थी परिषद, संघ की ओर से, विभिन्न नेताओं की ओर से, संगठन की ओर से कुछ नाम आगे बढ़ाए गए हैं अब इन्हीं नाम में से किसी एक नाम पर नगर अध्यक्ष पद के लिए अंतिम मोहर लगनी है।

नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष पद के लिए जबलपुर को पहली सूची में होल्ड पर कर देना कोई आश्चर्य करने वाली नई बात नहीं है। इसके पूर्व में नगर अध्यक्ष भाजपा, ग्रामीण अध्यक्ष भाजपा के पदों पर अंतिम नाम आने से पहले कई बार जबलपुर को होल्ड पर डाला गया। इस लिहाज से देखा जाए तो जबलपुर राजनीतिक रूप से सक्रिय और प्रतिद्वंदियों के बीच कांटे की टक्कर वाला शहर नजर आता है। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभी आने वाले समय में कई विभिन्न जिलों के नगर अध्यक्ष ग्रामीण अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे। जबलपुर इस पूरे घटनाक्रम में किस जगह पर अपना स्थान बनाकर सूची में शामिल होगा इस बारे में कोई भी कयास नहीं लगाये जा रहे हैं। कयास और अंदाजा केवल इस बात के लग रहे हैं कि किस चर्चित नाम पर अंतिम मोहर लगेगी और उस नाम के पीछे जो नाम है उसकी कितनी चल पाएगी।
विधायक विश्नोई युवाओं को दे रहे प्रोत्साहन, पंकज की नियुक्ति में अहम भूमिका
भारतीय जनता युवा मोर्चा के ग्रामीण अध्यक्ष बनाए गए पंकज तिवारी की नियुक्ति के पीछे सर्वाधिक इस बात की चर्चा है कि पाटन के वरिष्ठ विधायक पूर्व मंत्री अजय विश्नोई एवं ग्रामीण नगर अध्यक्ष की इसमें अहम भूमिका है। विधायक अजय विश्नोई लगातार युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह कार्य कर रहे हैं। पंकज तिवारी संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के बीच में उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी सक्रिय रहे हैं। जिला संगठन में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका पदाधिकारी के रूप में अदा की है।


Author: Jai Lok






