Download Our App

Home » News » म.प्र. में 7 अगस्त से ‘जन विश्वास अभियान’ हर शुक्रवार गाँव-वार्डों में पहुँचेंगे मंत्री और अधिकारी

म.प्र. में 7 अगस्त से ‘जन विश्वास अभियान’ हर शुक्रवार गाँव-वार्डों में पहुँचेंगे मंत्री और अधिकारी

भोपाल (जयलोक)। मध्य प्रदेश सरकार ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए ‘जन विश्वास अभियान’ शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में यह अभियान 7 अगस्त से पूरे प्रदेश में शुरू होगा और हर शुक्रवार चलाया जाएगा। अभियान के तहत मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी गांवों और शहरी वार्डों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी शिकायतें सुनेंगे और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। कैबिनेट के फैसले के अनुसार, अब हर शुक्रवार मंत्रालय, संभाग और जिला स्तर पर नियमित बड़ी बैठकें नहीं होंगी। इसके बजाय मंत्री और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर जनता से मिलेंगे और विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे।
सरकार का कहना है कि अभियान के दौरान जहां संभव होगा, लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। जिन मामलों का तुरंत निपटारा नहीं हो सकेगा, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि ‘जन विश्वास अभियान’ सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ेगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने बताया कि मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों से इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
सरकार ने यह भी कहा है कि अभियान के दौरान यदि कहीं भ्रष्टाचार, अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान का मूल मंत्र संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी रखा गया है।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और करीब लाना, शिकायतों के समाधान में तेजी लाना और शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है।

 

सांप का कहर: बागपत में भाई को 5 तो बहन को 2 बार डसा

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » म.प्र. में 7 अगस्त से ‘जन विश्वास अभियान’ हर शुक्रवार गाँव-वार्डों में पहुँचेंगे मंत्री और अधिकारी

Top Headlines

रेल लाईन दोहरीकरण और भिटौनी पौड़ीगेट खोलने की माँग को लेकर रेलमंत्री से मिले सांसद

जबलपुर (जयलोक)। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री आशीष दुबे ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेलमंत्री माननीय अश्विनी वैष्णव

Live Cricket