
जबलपुर (जयलोक)। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री आशीष दुबे ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेलमंत्री माननीय अश्विनी वैष्णव जी से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात में श्री दुबे ने दो महत्वपूर्ण रेल विषयों को प्रमुखता से उठाया।
सांसद श्री दुबे ने रेलमंत्री से जबलपुर गोंदिया ब्रॉडगेज रेलमार्ग के दोहरीकरण कार्य को गति देने का आग्रह किया, साथ ही जबलपुर जिले के भिटौनी रेलवे स्टेशन पर स्थित लेवल क्रॉसिंग पौड़ी गेट को यात्रियों की सुविधा और स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के लिए पुन: खोले जाने की मांग भी रखी।
इस भेंट के दौरान बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी भी उपस्थित थीं।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में जबलपुर गोंदिया रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस 231 किलोमीटर लंबे मार्ग के दोहरीकरण के लिए 5,236 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस दोहरीकरण से महाराष्ट्र के गोंदिया के साथ मध्य प्रदेश के जबलपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इसे रामायण सर्किट से लेकर उत्तर से दक्षिण तक जोडऩे वाला महत्वपूर्ण कॉरिडोर बताया है। परियोजना से महाकौशल क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार-उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मार्ग के सभी जिलों को इससे सबसे अधिक विकासात्मक लाभ मिलने की उम्मीद है।

दोहरीकरण के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगभग 450 करोड़ रुपये अंडरपास और फेंसिंग पर खर्च होंगे। नर्मदा नदी पर बड़े पुल के साथ कई मेजर-माइनर ब्रिज भी बनेंगे। डबल लाइन होने से मालगाडिय़ों की ढुलाई भी तेज होगी और कोयला आपूर्ति में इजाफा होगा।
उल्लेखनीय है कि जबलपुर-गोंदिया मार्ग को पहले छोटी लाइन से ब्रॉडगेज में बदला गया था। 2003 में शुरू हुआ यह काम प्रगति पोर्टल के कारण 2021 में पूरा होकर राष्ट्र को समर्पित किया गया था। अब दोहरीकरण से इस पूरे कॉरिडोर की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी।
सांसद श्री आशीष दुबे ने माननीय रेलमंत्री से कहा कि जबलपुर महाकौशल का प्रमुख केंद्र है और जबलपुर – गोंदिया लाइन यहां के व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। दोहरीकरण में तेजी से न केवल यात्री ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि जबलपुर से दक्षिण भारत और मुंबई-कोलकाता की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।


सांसद आशीष दुबे ने विशेष रूप से भिटौनी स्टेशन पर पौड़ी गेट के बंद होने से स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और किसानों को हो रही असुविधा का भी उल्लेख किया और इसे जनसुविधा को देखते हुए पुन: शुरू करने का रेलमंत्री से अनुरोध किया।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद श्री दुबे के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।
सांसद श्री आशीष दुबे ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के मार्गदर्शन में भारतीय रेल विकास की नई ऊंचाई को स्पर्श कर रहा है।जबलपुर सहित समूचे महाकौशल को इसका लाभ मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
कोतवाली में गिरा मकान का छज्जा, एक युवक घायल, पुराना और जर्जर हालत में था मकान
Author: Jai Lok





