
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर संसद परिसर में विपक्ष ने किया जोरदार प्रदर्शन
नई दिल्ली (जयलोक)। संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन शुक्रवार को राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में हाथ में दानपेटी लेकर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन का प्रतीकात्मक नेतृत्व किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्ष के कई सांसदों ने दानपेटी में चंदा डालकर इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने हाथों में बैनर और तख्तियां भी थाम रखी थीं। एक प्रमुख बैनर पर लिखा था, अमित शाह संसद से गायब क्यों? विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब देने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
सांसदों ने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। मानसून सत्र के दौरान विभिन्न राजनीतिक और सार्वजनिक महत्व के मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर शुक्रवार का प्रदर्शन भी इसी राजनीतिक गतिरोध का हिस्सा रहा, जिससे संसद की कार्यवाही भी एक बार फिर बाधित हुई है।
रेल लाईन दोहरीकरण और भिटौनी पौड़ीगेट खोलने की माँग को लेकर रेलमंत्री से मिले सांसद
Author: Jai Lok






