Download Our App

Home » अपराध » अपराध, ठगी, चोरी पर पुलिस का कड़ा प्रहार : 6 माह में दर्जनों आरोपी पहुँचे सलाखों के पीछे

अपराध, ठगी, चोरी पर पुलिस का कड़ा प्रहार : 6 माह में दर्जनों आरोपी पहुँचे सलाखों के पीछे

जबलपुर (जय लोक)। पिछले 6 माह में पुलिस की कार्यवाही ने अपराधियों के बीच खौफ पैदा कर दिया है। एक जनवरी से लेकर 30 जून तक शहर की पुलिस ने कार्रवाही करते हुए दर्जनों मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की। वहीं लूट, चोरी, डकैती, हत्या, शराब तस्करी सहित कई मामलों से जुड़े आरोपियों को जेल की हवा खिला दी। पुलिस ने अभियान ऑपरेशन क्लीन चलाकर अपराधियों को यह संदेश दिया कि वारदात कोई भी हो अपराधियों का जेल जाना पक्का है।
जटिल अपराधों का  सुलझाने तकनीक का किया  गया बेहतर उपयोग
जबलपुर पुलिस ने 650 विवेचकों को टैबलेट उपलब्ध कराकर ई-विवेचना को गति दी। इसके परिणामस्वरूप जिला ई-जाँच में प्रदेश की टॉप-5 रैंकिंग में पहुंचा, जबकि सीसीटीएनएस रैंकिंग में 19वें स्थान से छलांग लगाकर छठा स्थान हासिल किया। ई-एफआईआर के प्रभावी क्रियान्वयन ने विवेचना को अधिक पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह बनाया।
महिलाओं को सुरक्षित महसूस कराने छेड़छाड़ करने वालों पर चला डंडा
वर्ष 2025 की तुलना में बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट के 17 मामलों (करीब 30 प्रतिशत) तथा छेड़छाड़ एवं पॉक्सो के 12 मामलों (करीब 29 प्रतिशत) में कमी दर्ज की गई। छह माह में 523 अवैध हथियार प्रकरण, जिनमें 34 फायरआम्र्स से जुड़े मामले शामिल हैं, दर्ज किए गए। आबकारी एक्ट के 3779, जुआ एक्ट के 318 प्रकरण दर्ज हुए, जबकि बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में हजारों प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर अपराधियों पर अंकुश लगाया गया। आदतन अपराधियों के विरुद्ध 212 जिलाबदर तथा 14 राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की कार्रवाई भी की गई।

नशे के सौदागरों पर प्रहार

पुलिस ने 19 प्रकरणों में कार्रवाई कर 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 86.646 किलोग्राम गांजा, 41.035 ग्राम स्मैक, 8064 नशीले इंजेक्शन तथा लगभग 31.56 लाख कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए। बेलबाग और अधारताल थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दुर्गा पटेल, मोहम्मद आरिफ, अमजद खान, सैय्यद अशरफ  अली उर्फ  जीजा, सौरभ नामदेव और गोरीशंकर साहू को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एविल और बुप्रेनॉर्फि न के लगभग 6600 नशीले इंजेक्शन, ई-रिक्शा और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में अस्पतालों एवं सप्लाई चेन से जुड़े नेटवर्क के भी अहम सुराग मिले।

लुटेरे पहुँचे सलाखों के पीछे

मई-जून 2026 में अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल, पनागर और ओमती क्षेत्रों में महिलाओं से झुमकी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हिमांशु केवट (21), संतोष कोरी (25) तथा दो विधि-विवादित बालकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 6 सोने की झुमकियां और लगभग 8 लाख कीमत की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। गोहलपुर पुलिस ने सूरज चौधरी और शक्ति उर्फ  राहुल चौधरी को गिरफ्तार कर लगभग 5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।

अंधी हत्या का खुलासा

रांझी थाना क्षेत्र में वृद्धा पुष्पा शर्मा की अंधी हत्या का खुलासा करते हुए रामगोपाल मिश्रा उर्फ  गोपाल को गिरफ्तार किया गया, जिसने चोरी के दौरान पहचान हो जाने पर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। इसी प्रकार अंतरराज्यीय नकली सोना गिरोह के पन्नालाल राठौर, धर्मेंद्र, वीरेंद्र और रामादेवी को गिरफ्तार कर 1.55 करोड़ नकद, 84 ग्राम असली सोना, 20 किलो नकली सोने की गिन्नियां और 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए। गिरोह इलाज और गड़ा धन दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करता था। माढ़ोताल पुलिस ने राकेश श्रीवास और राजेश साहू को गिरफ्तार कर 15 चोरी के दोपहिया वाहन (लगभग 15 लाख कीमत) बरामद किए, जिनमें रायपुर (छत्तीसगढ़) से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल थीं।

लूट-डकैती में मिली बड़ी सफलता

गोरखपुर, कैंट, ओमती और बेलबाग पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले विनोद गौतम को गिरफ्तार किया। वहीं पनागर में दिसंबर 2025 की सराफा लूट का खुलासा करते हुए दीपक त्रिपाठी (प्रयागराज) और गोविंद पांडे को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 750 ग्राम सोने के आभूषण, 1104 ग्राम चांदी, 1 लाख नकद, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए। खितौला स्थित ईएसएएफ  स्मॉल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त 2025 को हुई करीब 14.800 किलोग्राम सोने के जेवरात और 5 लाख की डकैती के मामले में लगातार बड़ी सफलताएं हासिल कीं। क्राइम ब्रांच, थाना खितौला और बिहार एसटीएफ  की संयुक्त कार्रवाई में चार राज्यों में वांछित मुख्य आरोपी सुनील पासवान को गया (बिहार) से गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर 750 ग्राम सोना (कीमत लगभग 1.25 करोड़) बरामद किया गया। इसके बाद चंचल पासवान और छोटू उर्फ  सरमन मेहतो को भी गिरफ्तार कर 350 ग्राम सोना (लगभग 60 लाख) तथा वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल जब्त की गई। अब तक इस चर्चित बैंक डकैती में 1.100 किलोग्राम से अधिक लूटा गया सोना बरामद कर लिया गया है।

इनका कहना है

पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम, तकनीक आधारित विवेचना और आमजनों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना भी है। आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से जबलपुर पुलिस आगे भी संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी।
-संपत उपाध्याय, पुलिस कप्तान, जबलपुर

 

दिल्ली के आसमान में 2 से 16 अगस्त तक नहीं उड़ेंगे ड्रोन

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » अपराध, ठगी, चोरी पर पुलिस का कड़ा प्रहार : 6 माह में दर्जनों आरोपी पहुँचे सलाखों के पीछे

Top Headlines

Live Cricket