
सकारात्मक दिशा में चल रही कंपनियों से चर्चा जल्द आ सकती है जबलपुर के हवाई यात्रियों के लिए खुश ख़बरी
जबलपुर (जयलोक)।जबलपुर और महाकौशल की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए लोकसभा सांसद आशीष दुबे ने पुणे और अहमदाबाद के लिए सीधी विमान सेवा शुरू कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। सांसद ने विभिन्न विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों से रूट की संभावनाओं पर चर्चा करने के साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर दोनों शहरों के लिए नियमित उड़ान शुरू करने की आवश्यकता रखी है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को लगातार सौगातें मिल रही हैं और जबलपुर को भी इसका लाभ मिलता रहेगा। सांसद आशीष दुबे के अनुसार पुणे और अहमदाबाद देश के प्रमुख औद्योगिक एवं कारोबारी केंद्र हैं। जबलपुर से इन शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से व्यापारियों, उद्योगपतियों, विद्यार्थियों, मरीजों और नौकरी-पेशा लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि महाकौशल के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, चिकित्सा और पर्यटन विकास के लिए बेहतर हवाई संपर्क जरूरी है। पुणे की सीधी उड़ान का मुद्दा सांसद नवंबर 2024 में भी केंद्रीय मंत्री के सामने उठा चुके हैं। इसके बाद हुई मुलाकातों में पुणे, अहमदाबाद और कोलकाता के लिए उड़ान शुरू करने की मांग रखी गई थी।
जबलपुर के लिए हवाई सेवाओं का विस्तार- सांसद आशीष दुबे की प्राथमिकता है। सांसद द्वारा विमानन मंत्री के साथ चर्चा करने के साथ-साथ एयरलाइंस कंपनियों से सीधे संवाद किया जाना इस मांग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जबलपुर-पुणे और जबलपुर-अहमदाबाद रूट पर सांसद दुबे की ओर से लगातार किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप इन दोनों महत्वपूर्ण हवाई मार्गों के शुरू होने की प्रबल संभावना है।

पुणे कनेक्टिविटी पर पहले भी मंत्री से हुई थी चर्चा- जबलपुर से पुणे की सीधी उड़ान शुरू कराने का मुद्दा सांसद आशीष दुबे पहले भी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के समक्ष उठा चुके हैं। नवंबर 2024 में पहली बार और उसके बाद भी विमानन मंत्री श्री नायडू से मुलाकात के दौरान सांसद ने जबलपुर से पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग रखी थी। उस समय पुणे के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की दिशा में सकारात्मक आश्वासन भी सामने आया था।


पीएम मोदी ने पूछा- पब्लिक से कैसे बात करूं, शिक्षकों ने कहा- कॉन्फिडेंस के साथ
Author: Jai Lok





