
मध्यप्रदेश में वीज़ा सेवाओं और पर्यटन कौशल प्रशिक्षण के विस्तार पर चर्चा
एआईएम कांग्रेस-2026 के तीसरे दिन मुख्यमंत्री ने की वन टू वन बैठकें
सीएम डॉ यादव की वीएफएस ग्लोबल के ग्लोबल हेड अमित साइचर से चर्चा
भारत सहित विश्व के 169 देशों में अपनी सेवाएं दे रही है कंपनी
दुबई/भोपाल (जयलोक)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित तीन दिवसीय एआईएम कांग्रेस-2026 के तीसरे दिन ताज दुबई में अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों एवं निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ वीएफएस ग्लोबल के वैश्विक प्रमुख श्री अमित साइचर की सौहार्दपूर्ण एवं परिणामोन्मुखी बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य में निवेश, रोजगार, वीज़ा सेवाओं की सुलभता, पर्यटन तथा युवाओं के कौशल विकास को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सीएम डॉ. यादव ने उन्हें मध्यप्रदेश में अगले साल होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट -2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
भोपाल और इंदौर में वीज़ा सेवाओं का होगा विस्तार
बैठक के दौरान राज्य में अंतरराष्ट्रीय आवागमन को सरल और सुलभ बनाने के लिए वीज़ा आवेदन सेवाओं के विस्तार पर प्रमुखता से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीएफएस ग्लोबल को भोपाल और इंदौर में वीज़ा आवेदन सेवाओं का दायरा बढ़ाने तथा क्षेत्रीय पहुंच को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही, राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और यात्रियों की मांग के अनुरूप मध्यप्रदेश में अतिरिक्त सेवा सुविधाएं विकसित करने तथा तकनीकी आधारित नागरिक-आवेदक सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में युवाओं को मिलेगा वैश्विक प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं की रोजगार-योग्यता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। चर्चा के दौरान स्थानीय युवाओं के लिए उद्योग-उन्मुख यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने पर विचार किया गया। वीएफएस ग्लोबल व्यावसायिक शिक्षा और पेशेवर प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं की कार्यक्षमता को निखारने में सहयोग करेगा, जिससे प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
Author: Jai Lok





