
ऐसे होगा बच्चों का चयन विद्यार्थियों को मिलेगा राजधानी के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संसदीय भ्रमण का अवसर
जबलपुर (जय लोक)। संसदीय क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के बौद्धिक विकास, व्यक्तित्व निर्माण तथा उन्हें देश की लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘सांसद दिल्ली दर्शन’ कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ दिनांक कल दोपहर 1:30 बजे पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल स्कूल, जबलपुर से किया जाएगा।
सांसद आशीष दुबे ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत सितंबर 2026 से अप्रैल 2027 माह के दौरान 8 महीनों में जबलपुर के चयनित विद्यार्थियों को देश की राजधानी दिल्ली का शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संसदीय भ्रमण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं और ऐतिहासिक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराते हुए भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

हर साल 8 समूह में जाएंगे बच्चे
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक वर्ष 8 समूह दिल्ली दर्शन के लिए भेजे जाएंगे। प्रत्येक समूह में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 15 विद्यार्थी एवं 5 शिक्षक शामिल होंगे। इस प्रकार प्रतिवर्ष कुल 160 प्रतिभागियों को इस शैक्षणिक यात्रा का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में 50 प्रतिशत शासकीय और 50 प्रतिशत निजी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

ऐसे होगा चयन
विद्यार्थियों का चयन विद्यालय स्तर पर आयोजित ‘सांसद वाद-विवाद प्रतियोगिता’ और ‘सांसद निबंध प्रतियोगिता’ के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक चयनित विद्यालय से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और समसामयिक विषयों की समझ को प्रोत्साहित किया जाएगा।

ए सी में होगा सफर
चयनित विद्यार्थियों को जबलपुर से दिल्ली तक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी रेलगाड़ी से यात्रा कराई जाएगी।दिल्ली में स्थानीय भ्रमण के लिए वातानुकूलित बस और निर्धारित सुरक्षित और सुविधापूर्ण स्थान पर आवास की व्यवस्था रहेगी।
3 दिन में बहुत जगह घूमेंगे बच्चे
तीन दिवसीय यात्रा के दौरान संसद भवन,राष्ट्रपति भवन एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय सहित दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को देश की संसदीय कार्यप्रणाली और समृद्ध विरासत को निकट से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी
प्रत्येक चयनित विद्यालय से 3 विद्यार्थियों के साथ एक शिक्षक या शिक्षिका का रहना अनिवार्य होगा। छात्राओं के समूह में महिला शिक्षिका की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा से पूर्व अभिभावकीय सहमति पत्र और विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी अनिवार्य होगा।
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि ‘सांसद दिल्ली दर्शन’ केवल दिल्ली भ्रमण की पहल नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को लोकतंत्र,संस्कृति, इतिहास,तकनीक और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोडऩे का अभिनव प्रयास है।
Author: Jai Lok





