
शिक्षकों ने कहा -सफलता का पैमाना मेहनत से तय होता है
जबलपुर (जयलोक)। विगत दिवस नगर के पुराने और नामचीन स्कूलों में शामिल क्राइस्ट चर्च बॉयज स्कूल के वार्षिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित विजन गु्रप के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप विजन कार्यक्रम में शामिल होने पत्नी श्रीमती श्वेता विजन के साथ पहुंचे। संदीप विजन ने इस लम्हे को अपने जीवन की एक बड़ी उपलब्धियों में से एक मानते हुए कहा कि मेरे लिए बड़े गर्व की बात है कि जिस स्कूल से मैंने पढ़ाई की, शिक्षा प्राप्त की, जीवन के संघर्षों का सामना करने का प्रशिक्षण मुझे जहां से प्राप्त हुआ, आज उसी स्कूल में शिक्षकों और नगर के बच्चों के बीच में अतिथि के रूप में शामिल हुआ हूं।

यह जीवन की उपलब्धि के साथ भावनात्मक पल भी है। जबलपुर को होटल इंडस्ट्री में देश दुनिया में पहचान दिलवाने वाले संदीप विजन आज महाकोशल के उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान रखते हैं।

संदीप विजन ने कहा कि मुख्य अतिथि के रूप में अपने ही स्कूल में आमंत्रित किया जाना इस बात की अनुभूति देता है कि जिंदगी का सफर अपना एक पूरा चक्र पूर्ण कर चुका है। यह बहुत सम्मान और गर्व के पल हैं। उन्होंने अपने स्कूल की प्राचार्य श्रीमती साठे मैडम एवं सभी शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्ति की। कार्यक्रम में शामिल सभी छात्रों और उनके अभिभावकों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया और अपने अनुभव साझा कर संस्कारधानी के बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें मार्गदर्शन भी दिया।





