
जबलपुर (जय लोक)। सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में दहशत फैलाने और हवा बाजी करने वाले लोगों को उनके सही स्थान पर पहुंचने के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा सोशल नेटवर्किंग साईट्स पर निगाह रखने हेतु सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है। यह टीम लगातार अपना कार्य कर ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान करती है। अपराधियों को चिन्हित करती है उसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित थाना प्रभारी को इन्हें पकडऩे का जिम्मा दिया जाता है।

इस ही क्रम में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि थाना माढोताल क्षेत्र अंतर्गत कुछ दिनों पूर्व हवाई फायर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में मरघटाई के पास माढोताल में रोड किनारे रितिक जायसवाल, प्रथम सिंह राजपूत खड़े होकर सिगरेट पीते हुये दिखे तथा रितिक जायसवाल पिस्टल से फायर करते हुये दिखा।

आरोपी रितिक जायसवाल उम्र 27 वर्ष एवं प्रथम सिंह राजपूत उम्र 19 वर्ष को पकडक़र पूछताछ की गई। आरोपी रितिक ने सघन पूछताछ पर बताया था कि उसने 3-4 माह पूर्व हनुमानताल निवासी जब्बार से उक्त पिस्टल ली थी जिसे 2 दिन पूर्व जब्बार को ही वापस कर दिया है। आरोपी रितिक से 1 आईफोन, 1 याम्हा आर एक्स मोटर सायकिल जप्त करते हुये दोनों को जेल भेज दिया गया। कल रात सूचना पर कृषि उपज मण्डी के पास दबिश देते हुये आरोपी जब्बार उर्फ मामू खान पिता फारुख खान निवासी हनुमानताल को धरदबोचा गया और वीडियो की घटना में प्रयुक्त पिस्टल के सम्बंध में पूछताछ करने पर उक्त पिस्टल को पाटन बाईपास सर्विस रोड के किनारे गिट्टी पत्थरों के नीचे छिपकर रखना बताया। आरोपी की निशादेही पर 1 पिस्टल एवं 1 कारतूस को जप्त किया गया। पकड़ा गया आरोपी जब्बार उर्फ मामू खान अपराधी प्रवृत्ति का है जिसके विरूद्ध थाना कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर, हनुमानताल में पूर्व से 11 अपराध पंजीबद्ध है।





