
काले मुंह के बंदर ने ग्रामीण को पहले पटका फिर काटकर किया लहुलुहान
जबलपुर (जय लोक)। बरगी क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। काले मुंह और लाल मुंह वाले बंदरों की बढ़ती संख्या के कारण ग्रामीणों को आए दिन भय और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर अचानक लोगों पर झपट पड़ते हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गुरुवार दोपहर बरगी क्षेत्र में बंदर के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई। बताया गया कि दशरथ बर्मन पर अचानक काले मुंह के एक बंदर ने हमला कर दिया। बंदर ने उन पर झपटकर उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनकी जांघ में बुरी तरह काट दिया। हमले के दौरान उनके सिर में भी चोट लगने की बात सामने आई है।
घटना के बाद दशरथ बर्मन को गंभीर हालत में उपचार के लिए ले जाया गया। तस्वीरों में भी उनके पैर और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी बंदरों के आतंक को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई बार ये बंदर राह चलते लोगों पर हमला करने के साथ-साथ घरों में घुसकर सामान को भी नुकसान पहुंचाते हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को लेकर लोगों में अधिक चिंता बनी हुई है।
बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान, कार्रवाई की माँग
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग द्वारा क्षेत्र में बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए बंदरों को पकडऩे तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।
इनका कहना है
काले मुंह वाले बंदर के काटने की शिकायत मेरे संज्ञान में आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द रेस्क्यू टीम को बुलाकर उचित कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि लोगों को बंदर के आतंक से राहत मिल सके।
– अपूर्व प्रखर शर्मा, रेंजर

प्रेमानंद महाराज के आश्रम में तीन महीने से लापता युवक अंदर ही मिला
Author: Jai Lok






