
भोपाल (जयलोक)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल में हैं। उन्होंने भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर लगी मध्य प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। शाह ने कहा- अंग्रेजों के बनाए कानून अपनी सरकार को प्रशासन को बचाने के लिए थे। अब जो कानून आए हैं वो भारत के नागरिकों के सम्मान, संपत्ति और शरीर की रक्षा करने के लिए है। इसका मूल मंत्र न्याय है दंड नहीं। उन्होंने कहा- मध्य प्रदेश को नशामुक्त करेंगे। यहां हर माता से कहने आया हूं, 31 दिसंबर 2029 के बाद आपके बेटे बेटी के लिए मध्य प्रदेश में नशे की जगह नहीं होगी। शाह केंद्र और राज्य के पुलिस अफसरों के साथ दो घंटे बैठक भी करेंगे। भौंरी में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
शाह बोले- एमपी को नशामुक्त करेंगे
शाह ने कहा- हम मध्य प्रदेश को नशामुक्त करेंगे। यहां हर माता से कहने आया हूं, 31 दिसंबर 2029 के बाद आपके बेटे बेटी के लिए मध्य प्रदेश में नशे की जगह नहीं होगी। इस प्रकार की बारीक प्लानिंग करने आया हूं।
उज्जैन में 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का भूमिपूजन
अमित शाह ने उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन किया। इस प्लांट में रोजाना 3 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण किया जा सकेगा। इसके अलावा भोपाल में 16.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का लोकार्पण किया गया। भोपाल में ही 12.42 करोड़ रुपये की लागत से बनी राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का भी उद्घाटन हुआ। शिवपुरी में 6.5 करोड़ रुपये की लागत से मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से प्रदेश में दूध के प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र का बुनियादी ढांचा मजबूत करने में मदद मिलेगी। इससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार होने की उम्मीद है।
मोरवन प्रोजेक्ट के लिए हुआ एमओयू
कार्यक्रम के दौरान भोपाल में नगर वन विकसित करने के लिए एक अहम समझौता भी हुआ। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में कृषक भारती को-ऑपरेटिव लिमिटेड और मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। यह समझौता मोरवन प्रोजेक्ट के तहत भोपाल में नगर वन विकसित करने के लिए किया गया है। इसका उद्देश्य शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के साथ स्थानीय जैवविविधता और वनस्पतियों का संरक्षण करना है।
हर ब्लॉक में होगी पशुपालकों की प्रतियोगिता
सीएम ने कहा- हर ब्लॉक में चयनित वृंदावन गांव में उन्नत पशुपालकों की पशुओं की प्रतियोगिता कराई जाएगी। 100000 का पुरस्कार प्रति ब्लॉक अच्छे पशुपालकों को दिया जाएगा। दूसरे नंबर का पुरस्कार 50000 और तीसरे नंबर का पुरस्कार 25000 का दिया जाएगा। सभी 313 ब्लॉक में यह प्रतियोगिता कराई जाएगी।
महाकौशल पत्रकारिता पुरस्कार से परितोष वर्मा कल होंगे सम्मानित
Author: Jai Lok






