Download Our App

Home » Uncategorized » पूर्व क्षेत्र भाजपा संगठन के हवाले

पूर्व क्षेत्र भाजपा संगठन के हवाले

नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, एमआईसी सदस्य राम सोनकर और अब युवा मोर्चा अध्यक्ष रविन्द्र तिवारी भी पूर्व विधानसभा से

जबलपुर (जयलोक)। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव पास आते जा रहे हैं वैसे-वैसे जिले के राजनैतिक समीकरण विधानसभा के अनुसार परिवर्तित होते नजर आ रहे हैं। जो परिवर्तन नजर आ रहे हैैं उन्हीं के अनुसार राजनैतिक विश्लेषक अपना गुणाभाग जमाने में लगे हुए हैं। कल भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष की घोषणा के बाद दबी जुबानों में चल रही बात खुली चर्चाओं में बदल गई है कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र अब संगठन के हवाले हो गया है। यह बात इसलिए भी उठाई जा रही है क्योंकि पूर्व विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए कठिन पहाड़ा बन जाता है। इसलिए इस बार राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व की मंशा अनुसार भाजपा नगर संगठन पूर्व क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान केन्द्रित कर रहा है।
और भी नेता पदाधिकारी हैं पूर्व से
भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर की नियुक्ति के बाद से ही यह बात स्पष्ट हो गई थी कि पूर्व क्षेत्र अब संगठन की नजरों के विशेष दायरे में हैं। इसके पश्चात योगेन्द्र राजपूत को जिला उपाध्यक्ष का पद मिला और अशोक बटुआ को भी संगठन का पदाधिकारी बनाया गया। रविन्द्र तिवारी को कल युवा मोर्चा का नगर अध्यक्ष घोषित किया गया। यह पूर्व से आंका जा रहा था कि रविन्द्र तिवारी को भाजपा युवा मोर्चा को नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल सकती है।
एमआईसी का प्रमुख विभाग राम सोनकर के पास
इस राजनैतिक गुणा-भाग में यह चर्चा भी शामिल है कि पूर्व क्षेत्र से भाजपा के दबंग नेता पूर्व विधायक अंचल सोनकर के पुत्र विवेक राम सोनकर पार्षद चुने जाने के बाद वर्तमान में मेयर इन काउंसिल के सक्रिय सदस्य हैं और राम सोनकर के जिम्मे पीडब्ल्यूडी जैसा महत्वपूर्ण विभाग है। एमआईसी गठन के दौरान भी पूर्व क्षेत्र को विशेष रूप से महत्व देकर संगठन ने अपनी मर्जी का रुझान दर्शा दिया था।
उलझे समीकरण बनेंगे चुनौती
राजनैतिक महत्वाकांक्षाएं और भविष्य के चुनावों में टिकिट पाने की लालसा हर संभावित  उम्मीदवार में चुनाव का समय नजदीक आते आते प्रबल होती जा रही है। यह तो निश्चित है कि पूर्व क्षेत्र में इस बार भाजपा को जितनी चुनौती विपक्षी दल से मिलेगी उतनी ही चुनौती उन्हें टिकिट दावेदारी के अपने प्रतिद्वंदियों से भी मिलेगी। टिकिट चाहे जिसे भी मिले पूर्व विधानसभा के उलझे हुए समीकरण बड़ी चुनौती के रूप में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के सामने बने रहेंगे।
दायित्व का निर्वाहन आसान नहीं
पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिन-जिन लोगों को संगठन ने महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया है उनको जो दायित्व दिए हैं वह सामान्य दायित्वों से अधिक चुनौती पूर्ण रहने वाले हैं। युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष के पद पर रविन्द्र तिवारी की नियुक्ति कई रुकावटों और बाधाओं को लांघने के बाद हुई है। निश्चित रूप से पूर्व क्षेत्र में बेहतर संगठन सृजन की उम्मीदें रविन्द्र तिवारी से बहुत अधिक होंगी। यह नियुक्ति आने वाले समय में दायित्वों के निर्वाहन के अनुरूप बड़ी चुनौती के रूप में होगी।

 

पीएम मोदी का गुजरात दौरा, राहुल पर कसा तंज, कहा अब आलू से सोना नहीं फ्रेंच फ्राइज बन रहा

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » पूर्व क्षेत्र भाजपा संगठन के हवाले
error: Content is protected !!