
बरगी पुलिस ने पकड़ा 7.2 किलो गांजा
जबलपुर (जयलोक)। खेत में लहलहा रही राहर की फसल के बीच अवैध गांजे की खेती का खेल चल रहा था। बाहर से देखने पर खेत सामान्य नजर आता था, लेकिन फसल के बीच गांजे के पौधे भी तैयार किए जा रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर बरगी पुलिस ने जब खेत में दबिश दी तो पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस ने मौके से 12 गांजे के पौधे उखाडक़र कुल 7 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। मामले में 50 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गुरूवार को थाना बरगी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिलुआ रमनपुर निवासी सुम्मेरा गौंड अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की तैयारी की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति मिला, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सुम्मेरा गौंड पिता बसोरी लाल गौंड निवासी ग्राम सिलुआ रमनपुर के रूप में हुई। खेत की तलाशी के दौरान राहर की फसल के बीच गांजे के 12 पौधे लगे मिले। इनकी लंबाई करीब ढाई से सात फीट तक बताई गई है। पुलिस ने सभी पौधों को उखड़वाकर उनका वजन कराया, जिसमें कुल 7 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

पीएम मोदी का गुजरात दौरा, राहुल पर कसा तंज, कहा अब आलू से सोना नहीं फ्रेंच फ्राइज बन रहा




