
आज दोपहर बाद गोलबाजार से शुरू होगी पदयात्रा
जबलपुर (जयलोक)। लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि आज दोपहर 3 बजे शहीद स्मारक गोलबाजार से पद यात्रा प्रारंभ होगी, जो मालवीय चौक से लार्डगंज, बड़ा फुहारा होते हुए अंधेरदेव, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक से पुन: शहीद स्मारक गोलबाजार में संपन्न होगी।
पदयात्रा में संतो की उपस्थिति में प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, जिला प्रभारी पूर्व सांसद आलोक संजर, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, मेला एवं तीर्थ प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष अध्यक्ष संदीप जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकूज विज के साथ ही प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक, खेल संगठन के पदाधिकारी, चिकित्सक, एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
ऐसी है यातायात व्यवस्था
मुख्यमंत्री की पदयात्रा को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने शहर की नई सुरक्षा व मार्ग व्यवस्था तय की है। इस आयोजन के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रा वाले मुख्य बाजार क्षेत्र में सभी प्रकार के दोपहिया, तीनपहिया, ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
मुख्य बाजार का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में पदयात्रा के चलते छह घंटे तक आम वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए शहर के भीतर यात्रा करते समय मुख्य सडक़ों की जगह फ्लाई ओवर का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें ताकि मुख्य मार्गों पर किसी प्रकार का जाम न लगे। दमोह नाका से आने वाले वाहन गोलबाजार और बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने के बजाय बलदेवबाग से उखरी होकर आगे बढ़ेंगे। गोहलपुर से आने वाले ट्रैफिक को फ्लाईओवर से मदन महल, सुहागन आभूषण और तीनपत्ती चौक से शहर में भेजा जाएगा। हाईकोर्ट चौक की तरफ जाने और आने वाले वाहन घंटाघर, तैयबअली चौक, तीनपत्ती चौक और यातायात थाना तिराहा से रानीताल की ओर जा सकेंगे। इसी प्रकार दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक बलदेवबाग से पांडेय चौक और रानीताल चौक के बीच छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश, सामान चढ़ाने और उतारने पर पूर्ण रोक लगाई गई है। छोटी लाईन अथवा ब्लूम चौक की ओर से जाने वाले वाहन तीनपत्ती तिराहा से यातायात थाना तिराहा होकर फ्लाई ओवर के ऊपर से निकलेंगे। मदन महल से आने वाला यातायात गेट नंबर-4 से डायवर्ट होगा तथा तीन पत्ती से ज्योति टॉकीज और तैयब अली चौक होकर शहर के भीतर प्रवेश करेगा।
आगंतुकों के वाहनों हेतु अलग पार्किंग व्यवस्था तय
कार्यक्रम में शामिल होने पाटन, कटंगी, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, सिहोरा, डिंडौरी और मंडला से आने वाली सभी बसें निर्धारित मार्गों से रानीताल चौक पहुंचकर सवारियां उतारेंगी। इसके बाद इन सभी बसों को रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में खड़ा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों के दोपहिया वाहनों को महाकौशल स्कूल और अंजुमन इस्लामिया स्कूल में खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। चार पहिया वाहनों को पार्क करने के लिए एमएलबी स्कूल और डीएन जैन स्कूल के परिसर सुरक्षित किए गए हैं।





