
कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश, शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
जबलपुर (जयलोक)। बरगी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री का कारोबार लगातार बढऩे की शिकायतें सामने आ रही हैं। गांव-गांव में कथित रूप से हो रही कच्ची शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत खापागवारी के ग्राम बसा के ग्रामीणों ने बरगी नगर पुलिस चौकी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि बरगी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार प्रशासन और पुलिस को लिखित एवं मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध शराब बेचने वालों के हौसले बुलंद हैं।
शराब के नशे से बिगड़ रहा गांवों का माहौल- ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि अवैध शराब की बिक्री के कारण गांवों का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। शराब के नशे में गाली-गलौज, विवाद और मारपीट जैसी घटनाओं से आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर भी ग्रामीणों ने गंभीर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शराब माफियाओं पर कार्रवाई की मांग- ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बेचने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध शराब के ठिकानों पर नियमित दबिश देकर इस कारोबार को पूरी तरह बंद कराया जाए, ताकि गांवों में शांति और सुरक्षित वातावरण कायम हो सके।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं?- ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद अब पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर बार-बार शिकायतें मिलने के बावजूद बरगी क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? क्या पुलिस प्रशासन ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए शराब माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाएगा? अब ग्रामीणों को पुलिस की प्रभावी कार्रवाई का इंतजार है।

कलेक्टर ने किया अपर कलेक्टरों के बीच नए सिरे से कार्य विभाजन




