
किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
नहरों को लेकर जयलोक में 3 फरवरी को सचेत करती प्रकाशित खबर
जबलपुर (जयलोक)। बरगी बांध की बाईं तट मुख्य नहर आज बुधवार सुबह मंगेली (मंगेली-पिपरिया के बीच) गांव के पास फूट गई। जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया है। नहर फूटने से बड़ी मात्रा में पानी आसपास के खेतों में भर गया जिससे पकने पर आई धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है और इलाका जलमग्न हो गया है। स्थानीय किसानों की फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार भारी व अवैध खनिज वाहनों की आवाजाही या कटाव के कारण नहर कमजोर होने को संभावित वजह माना जा रहा है। बरगी बायां तट नहर ग्राम मंगेली और पिपरिया के बीच से गुजरती है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे अचानक नहर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। देखते ही देखते पानी का तेज बहाव आसपास के खेतों की ओर बढऩे लगा। खेतों में पानी भरता देख ग्रामीणों और किसानों में चिंता फैल गई। किसानों का कहना है कि नहर टूटने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ उनकी खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी सूचना प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी गई।

अंादोलन को होंगे मजबूर
क्षेत्र के अन्नदाताओं में इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है क्योंकि पूर्व में भी नहर टूटने की वजह से पानी की लंबी बंदी झेलनी पड़ी थी और सिंचाई के अभाव में फसलें सूख गई थीं। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि मौके पर निरीक्षण करने आए अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि दोषियों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें वरना बर्बाद होती फसलों को लेकर किसान सडक़ों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

अवैध खनिज परिवहन के भारी डंपरों पर उठे सवाल
नहर टूटने की घटना के पीछे क्षेत्र में लगातार हो रहे भारी वाहनों के आवागमन को जिम्मेदार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अवैध खनिज परिवहन में लगे भारी डंपर और अन्य वाहन नहर के आसपास से गुजरते हैं।
इन वाहनों के लगातार दबाव के कारण नहर की दीवारें कमजोर हुईं और आखिरकार उसका एक हिस्सा ढह गया। हालांकि नहर क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी माँग की है कि अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कलेक्टर ने तत्काल बंद करवाई पानी की सप्लाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नहर में पानी की मुख्य सप्लाई बंद कराने के निर्देश दिए। इसके बाद पानी का बहाव रोकने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक और संबंधित विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर मरम्मत और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पानी की आपूर्ति बंद होने से आगे खेतों में पानी फैलने का खतरा कम हुआ है, लेकिन नहर की मरम्मत पूरी होने तक सिंचाई व्यवस्था प्रभावित रहने की आशंका है।
पहले भी टूट चुकी है नहर
इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी नहर टूटने के कारण लंबे समय तक पानी की सप्लाई बंद रही थी। सिंचाई नहीं मिलने से किसानों की फसलें सूखने लगी थीं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। किसानों को आशंका है कि यदि इस बार भी मरम्मत और पानी की आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
इनका कहना है
सूचना मिली थी कि मंगेली के पास बरगी की दाईं नहर में पहले दरार आई फिर फूट गई। जिससे काफी दरार आ गई है। अधिकारियों ने निरीक्षण किया और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
नीता राठौर, अपर कलेक्टर
आसियान समिट के बीच क्वाड नेताओं की बैठक में शामिल होने आज मनीला रवाना होंगे प्रधानमंत्री




