Download Our App

Home » Uncategorized » हवाला कांड में छूकर निकल गई थी मुसीबत इस बार फँस गई एएसपी सहित उनकी वसूली फौज!

हवाला कांड में छूकर निकल गई थी मुसीबत इस बार फँस गई एएसपी सहित उनकी वसूली फौज!

एएसपी दीपक मिश्रा एसडीओपी,  टीआईसहित 6 पुलिस कर्मचारी निलंबित!
चार को आईजी जबलपुर ने निलंबित कर दो अधिकारियों की कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री को प्रेषित की रिपोर्ट

जबलपुर (जयलोक)। जबलपुर पुलिस जोन के अंतर्गत आने वाले सिवनी जिले में अवैध वसूली का एक और शर्मनाक मामला उजागर हुआ है। सिवनी जिले में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मध्य प्रदेश पुलिस की दूसरी बार भ्रष्टाचार के मामले में छवि खराब करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार इस बार कार्यवाही की जड़ में आए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा इसके पूर्व में हुए हवालाकांड में भी बाल बाल फंसते फंसते बच गए थे। हवाला कांड की रकम लूटने का कार्य पुलिस के द्वारा किया गया था जिसने पूरे देश में हडक़ंप मचा दिया था। उसे कांड में भी एएसपी दीपक मिश्रा की भूमिका संदिग्ध थी लेकिन उक्त प्रमाण न मिल पाने के कारण उन्हें यह मुसीबत छूकर निकल गई थी लेकिन इस बार किस्मत ने उनके साथ नहीं दिया । एएसपी दीपक मिश्रा और उनकी वसूली के लिए निकली गैंग फंस गईं।
सिवनी की एक होटल में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी सिवनी, कोतवाली के थाना प्रभारी, ट्रैफिक थाना प्रभारी सहित पुलिस वालों का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह एक होटल संचालक को और वहां रुक एक  अविवाहित कपल को भी धमकाया नजर आ रहे हैं। जब युवक और युवती पुलिस के सामने ढीले नहीं पड़े तो एडिशनल एसपी ने एक नहीं बल्कि कई बार कहा कि इसके बैग में गांजा रख दो। पुलिस के इस आचरण का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे प्रदेश और देश में हल्ला मच गया।जबलपुर  आईजी प्रमोद वर्मा ने तत्काल एक्शन लिया और अपने स्तर पर कार्रवाई कर चार पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद आईजी की रिपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने एडिशनल एसपी तथा एसडीओपी को भी सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए। अब पूरे मामले की जांच भी डीआईजी छिंदवाड़ा को सौंप गई है कल शाम तक उनसे रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया है ।
आईजी प्रमोद वर्मा ने पूरी गंभीरता दिखाते हुए तत्काल प्रभाव से कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एडिशनल एसपी के गनमैन सलमान खान, एडिशनल एसपी के ड्राइवर कृष्णा तिवारी तथा हवलदार नवीन तिवारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। मामले की पूरी एक विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भोपाल को भी भेजी गई। पुलिस मुख्यालय से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रिपोर्ट तलब की और घटना की वास्तविकता को समझते हुए एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी चंचलेश मरकाम को भी सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए। मामले की उच्च स्तरीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा है।
ये है पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिले के  बबरिया रोड स्थित ‘होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी दो महीने से उन पर हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे। संजय के मुताबिक, उन्होंने अक्टूबर में टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए भी थे, लेकिन पूरी रकम न देने पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगातार तीन दिन पुलिस ने होटल की तलाशी ली और स्टाफ व ग्राहकों को धमकाया। कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और महिला विंग प्रभारी की ओर से होटल के बदले हर महीने 25-25 हजार रुपए की मांग की जाती थी, जिसमें से वे तीनों को 10-10 हजार रुपए दे चुके हैं। होटल संचालक संजय ने आरोप लगाया कि जब भी पुलिसकर्मी होटल आते थे, वे सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर ले जाते थे। इसका तोड़ निकलते हुए मजबूर होटल संचालक ने वहां छिपाकर एक कैमरा लगवा लिया। 13 नवंबर को जब एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी और टीआई पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे तो उन्होंने एक डीवीआर तो जब्त कर लिया, लेकिन हिडन कैमरे का दूसरा डीवीआर बच गया। इसमें 1 मिनट 15 सेकंड के वीडियो में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ तौर से एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा की आवाज सुनाई दे रही है। वह बार-बार कह रहे हैं कि इनके मां-बाप को बुलाओ। उन्हें फोन लगाने के लिए कहो। इसी बीच जब युवक-युवती द्वारा अपने तर्क दिए जाते हैं तो वह झल्ला कर कहते हैं कि युवक के बैग में गांजा डाल दो। वीडियो का यह अंश अवैध वसूली के लिए एक अहम सबूत के रूप में गिना जा रहा है।
डीआईजी छिंदवाड़ा विश पूरी मामले की विस्तृत जांच करेंगे आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा ने बताया कि डीआईजी छिंदवाड़ा को निर्देशित किया गया है कि वह अपने निर्देशन में घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों के कथन ले उनसे बातचीत करें और हकीकत जानते हुए सभी पक्षों को सामने लाएं जिसकी जांच रिपोर्ट कल शाम तक देने के लिए कहा गया है।

 

 

बरगी की बाईं तट नहर फूटी, खेतों में घुसा पानी, अवैध खनिज परिवहन से कमजोर हो रहीं नहरें

 

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » हवाला कांड में छूकर निकल गई थी मुसीबत इस बार फँस गई एएसपी सहित उनकी वसूली फौज!

Top Headlines

हवाला कांड में छूकर निकल गई थी मुसीबत इस बार फँस गई एएसपी सहित उनकी वसूली फौज!

एएसपी दीपक मिश्रा एसडीओपी,  टीआईसहित 6 पुलिस कर्मचारी निलंबित! चार को आईजी जबलपुर ने निलंबित कर दो अधिकारियों की कार्यवाही

Live Cricket

error: Content is protected !!