
घर पर आराम फरमा रहे आरोपी नहीं हो रही गिरफ्तारी
थाना प्रभारी बोले जल्द होगी गिरफ्तारी
जबलपुर (जय लोक)। दोस्ती, प्यार, दुष्कर्म, झांसा और फिर इंकार यह सब एक युवती के साथ हुआ। जिसे पहले शादी के नाम पर प्यार के जाल में फंसाया गया। फिर युवक ने दुष्कर्म किया और अब वह शादी करने से इंकार कर रहा है। युवती ने अपने साथ हुई इस कृत्य की शिकायत गोरखपुर थाने में की, लेकिन यहां भी उसे कई दिनों तक शिकायत के नाम पर थाने के चक्कर कटवाए गए। जिसके बाद युवती अपनी गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुँची। वहां अपनी व्यथा सुनाई फिर गोरखपुर पुलिस ने भी आनन फानने में पीडि़ता की शिकायत दर्ज कराई। लेकिन शिकायत दर्ज कराने के कई दिनों बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी ना होना पुलिस की कार्रवाही पर सवालिया निशान लगा रहा है।

पीडि़त युवती का कहना है कि गोरखपुर हाथीताल लक्ष्मी नगर निवासी शारांस राय का उसके लिए रिश्ता आया था। शादी के लिए पहल सारांश की बहन ने की थी। दोनों की मुलाकात हुई और इसी बीच सारांश ने उसे बातों के जाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। यह सिलसिला करीब 6 माह तक चलता रहा। इसी बीच अब सारांश शादी करने की बात से मुकर गया। जिसके बाद पीडि़ता ने इसकी शिकायत गोरखपुर थाने में दर्ज कराई। लेकिन शिकायत दर्ज होने के 14 दिनों बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

घर में आराम फरमा रहा आरोपी
पीडि़ता का आरोप है कि सारांश पिछले कई दिनों से घर में ही मौजूद है। इसकी जानकारी उसने गोरखपुर पुलिस को भी दी लेकिन इसके बाद भी उसकी गिरफ्तारी के लिए कोई भी पुलिसकर्मी उसके घर नहीं पहुँचा। इतना ही नहीं आज भी पीडि़ता ने गोरखपुर पुलिस को सारांश की लोकेशन बताई लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। पीडि़ता का कहना है कि उसे आशंका है कि आरोपी को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है।
इनका कहना है
आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा, उसके लिए टीम भेजी गई है।
-नितिन कमल, गोरखपुर थाना प्रभारी





