Download Our App

Home » Uncategorized » शिशु के लिए माँ का दूध अमृत के समान-राकेश सिंह

शिशु के लिए माँ का दूध अमृत के समान-राकेश सिंह

एल्गिन अस्पताल में हुआ मिल्क बैंक का शुभारंभ

जबलपुर (जय लोक)। नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और जीवन रक्षा की दिशा में महाकौशल को आज एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिली है। रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) में मध्यप्रदेश के सबसे बड़े एवं महाकौशल के पहले कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का शुभारंभ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया है। करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद नवजात शिशुओं को सुरक्षित मातृ दुग्ध उपलब्ध कराया जा सकेगा। कार्यक्रम में विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी और अस्पताल अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि माँ के दूध से बढक़र तेजस्वी और पवित्र कोई दूसरा दूध नहीं हैं। जन्म के बाद शिशु के लिए माँ का दूध अमृत के सामान होता है। जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कई बार कई कारणों से नवजात शिशु को माँ का दूध नहीं मिल पाता है। जिससे उनके पोषण और स्वास्थ्य पर असर पड़ता है। लेकिन अब अमृत कलश की शुरूआत होने से शिशुओं को यह अमृत तुल्य दुग्ध मिल सकेगा।

माताओं के दान किए दूध से बचेगी नवजातों की जिंदगी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान होता है। यह नवजात की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उसके समुचित शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कई बार समय से पहले जन्म लेने, कम वजन या बीमारी के कारण नवजात शिशु मां का दूध प्राप्त नहीं कर पाते। ऐसे बच्चों के लिए मिल्क बैंक बड़ी मददगार सुविधा साबित होगा।

स्वेच्छा से दूध दान करने वाली माताओं से होगा संग्रह
इस सेंटर में ऐसी धात्री माताओं का दूध स्वेच्छा और सहमति से एकत्रित किया जाएगा, जिन्हें पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध होता है और जो जरूरतमंद बच्चों के लिए दूध दान करना चाहती हैं। संग्रहित दूध को अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित संरक्षित किया जाएगा। इसके बाद एसएनसीयू और एनआरसी में भर्ती बीमार एवं कम वजन वाले नवजात शिशुओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा।

शिशु मृत्यु दर कम करने में मिलेगी मदद
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस व्यवस्था से बीमार नवजात शिशुओं को आवश्यक मातृ दुग्ध मिल सकेगा। इससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार और रिकवरी में मदद मिलने के साथ शिशु मृत्यु दर कम करने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। ‘अमृत कलश’ मिल्क बैंक नवजात शिशुओं की देखभाल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जबलपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

मंत्री राकेश सिंह ने किया निरीक्षण
मिल्क बैंक के शुभारंभ के पश्चात मंत्री राकेश सिंह ने मिल्क बैंक का निरीक्षण कर वहां स्थापित आधुनिक मशीनों और कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान चिकित्सकों ने दूध संग्रहण, सुरक्षित भंडारण ओर जरूरतमंद नवजात शिशुओं तक इसे पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को समझाया। इस पर मंत्री श्री सिंह ने स्वेच्छा से मिल्क दान करने वाली माताओं की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।

युवा उत्सव में बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
आज राइट टाउन स्थित महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला में आयोजित 30 वें युवा उत्सव में मुख्य रूप लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मकता और सांस्कृतिक क्षमताओं की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि युवाओं में अपार प्रतिभा और ऊर्जा छिपी होती है, जिसे निखारने के लिए एक सही मंच की आवश्यकता होती है। उन्होंने युवा उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मकता को खुलकर प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। इन मंचों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है, जो उन्हें अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानने और जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के प्रतिनिधि, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी विभिन्न प्रस्तुतियों से समां बांधा।

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी संग प्रदूषण का कहर

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » शिशु के लिए माँ का दूध अमृत के समान-राकेश सिंह
error: Content is protected !!