
जबलपुर (जयलोक)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 अप्रैल को प्रस्तावित जबलपुर प्रवास को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय का आज शाम 5 बजे जबलपुर डुमना विमानतल पर आगमन होने जा रहा है। ये सभी भाजपा संभागीय कार्यालय में शाम 5 बजे आयोजित जबलपुर लोकसभा कोर कमेटी की बैठक में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात प्रधानमंत्री के 7 अप्रैल को होने वाले प्रस्तावित रोड शो मार्ग का निरीक्षण भी सभी के द्वारा किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित-राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि जबलपुर के लिये यह गौरव का विषय है कि विश्व नेता की पहचान बना चुके प्रधानमंत्री मोदी जबलपुर आ रहे हैं। श्री मोदी के आगमन को लेकर जबलपुरवासी उत्साहित हैं। भाजपा का एक एक कार्यकर्ता उत्साहित है। प्रधानमंत्री का फायनल कार्यक्रम आना बाकी है।
गुरुवार को केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह ने प्रस्तावित रूट प्लान का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी आदित्य प्रताप सिंह सहित सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, व्यवस्था, आवागमन आदि पहलुओं से मार्ग को परखा गया।
एसपीजी पहुंची, हाईअलर्ट पर प्रशासन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रविवार 7 अपै्रल को जबलपुर आगमन हो रहा है। उनके आगमने के पूर्व गुरुवार को एसपीजी की टीम जबलपुर पहुंच गई और मोर्चा संभाल लिया है। मोदी के आगमन पर सीएम करीब एक दर्जन केन्द्रीय एवं राज्य सरकार के मंत्री भी जबलपुर में आएंगे।
रविवार को होने वाले हाईप्रोफाईल मूवमेंट को देखते हुये, जिला प्रशासन ने भी अपनी ताकत झोंक दी है। तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री के रोड शो को एतिहासिक बनाने के लिये भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश नेतृत्व और 3 केबिनेट मंत्रियों ने जबलपुर में डेरा डाल लिया है। एसपीजी ने रैली रूट और हेलीपेड पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ मंथन कर पीएम की सुरक्षा के लिए मजबूत प्लान तैयार किया। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा के 3 घेरे बनाए जाएंगे, जिसमें एक घेरा एसपीजी, दूसरा पुलिस और तीसरा पीएसी जवानों का रहेगा। इसके अलावा खुफिया विभाग की टीमों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Author: Jai Lok







