
जबलपुर (जयलोक)। पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में सम्पूर्ण पश्चिम मध्य रेलवे में मेरी सहेली अभियान के तहत महिला यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पश्चिम मध्य रेल ने तीनों मंडलों के विशेष महिला वाहनियों की टीम द्वारा माह अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के दौरान मेरी सहेली अभियान के तहत 21251 यात्री ट्रेनों में 105120 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई। वर्ष 2022-23 के दौरान मेरी सहेली अभियान के तहत 12914 यात्री ट्रेनों में 46451 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई। जबलपुर मण्डल में 7412 यात्री ट्रेनों में 36841 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई।
पिछले साल के 12 ट्रेनों की तुलना में इस साल चल रही 28 ट्रेनें – पश्चिम मध्य रेल द्वारा समय-समय पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न दिशाओं में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है। पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के विशेष प्रयासों से गर्मियों के मौसम में यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करते हुए 28 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वर्ष 2023 में 12 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। महाप्रबंधक के अथक प्रयासों के चलते चारों दिशाओं के विभिन्न राज्यों के लिए इस वर्ष 2024 में गत वर्ष की तुलना में दोगुना से अधिक स्पेशल ट्रेनें चल रही है। पश्चिम मध्य रेल के तीनों मण्डलों से देश भर में गर्मियों के मौसम में विशेष कर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, महाराष्ट्र, असम, तमिलनाडु, कर्नाटक एवं राजस्थान जैसे राज्यों के यात्रियों की भीड़भाड़ को कम करने के लिए इन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन प्रयासों से संचालित स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को अन्य राज्यों के व्यावसायिक, चिकित्सकीय एवं शैक्षणिक शहरों के साथ-साथ विभिन्न पर्यटक एवं तीर्थ स्थलों से सुगम कनेक्टिविटी मिल रही है।

Author: Jai Lok







