
नई दिल्ली (एजेंसी/जयलोक)
आगामी मई के महीने में भी पहली तारीख को कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव सीधे आम आदमी की जेब पर असर डालेंगे। इनमें एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर बैंकों के सेविंग खाते से जुड़े चार्ज तक कई बदलाव शामिल हैं।
इन सभी की आपको पहले से जानकारी होना जरूरी है। जिससे आपको किसी तरह की कोई समस्या न हो। यस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के सेविंग अकाउंट में ग्राहकों को सर्विस के लिए एक मई से ज्यादा पैसा चुकाना होगा। इन बैंकों ने अपने सेविंग अकाउंट में कई चार्जेस को बढ़ा दिया है। वहीं एचडीएफसी की ओर से सीनियर सिटीजन के लिए चलाई जा रही स्कीम की डेडलाइन 10 मई 2024 को खत्म हो रही है। इसमें भी निवेश के लिए थोड़ा ही समय बचा है। आईए आपको बताते हैं एक मई से होने जा रहे बदलावों के बारे में। देश में हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां रसोई गैस के सिलेंडर की कीमत तय करती हैं। कंपनियां 14 किलो वाले घरेलू और 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम तय करती हैं। इसी के साथ ही सीएनजी और पीएनजी की कीमतें भी तय होती हैं। ऐसे में मई की पहली तारीख में गैस की कीमतों में बदलाव हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, सेविंग्स अकाउंट्स के अलग-अलग वैरिएंट्स के मिनिमम एवरेज बैलेंस में बदलाव किया गया है। अकाउंट प्रो मैक्स में मिनिमम एवरेज बैलेंस 50 हजार रुपये होगा। वहीं मैक्सिमम चार्ज के लिए एक हजार रुपये की सीमा तय की गई है। सेविंग अकाउंट प्रो प्लस, येस येसेंस एसए, येस रिपोर्ट एसए में अब मिनिमम बैलेंस 25 हजार रुपये होगा।
इस अकाउंट के लिए चार्जेस की अधिकतम सीमा 750 रुपये तय कर दी गई है। इसी के साथ सेविंग अकाउंट प्रो में अब मिनिमम बैलेंस 10 हजार रुपये रखना होगा। चार्जेस के लिए मैक्सिमम सीमा 750 रुपये तय की गई है। ये बदलाव 1 मई से लागू हेा जाएंगे। आईसीआईसीआई बैंक ने भी अपने सेविंग खाते से जुड़े सर्विस चार्ज के नियम बदल दिए हैं।
अब डेबिट कार्ड के लिए शहरी क्षेत्र में ग्राहकों को 200 रुपये की और ग्रामीण क्षेत्र में 99 रुपये की सालाना फीस देनी होगी। इसी के साथ अब बैंक के 25 पन्नों के चेक बुक के लिए आपको किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। वहीं ग्राहकों को प्रति पेज 4 रुपये का शुल्क देना पड़ेगा। अब आईएमपीएस के ट्रांजैक्शन अमाउंट 2.50 रुपये से लेकर 15 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन के बीच तय कर दिया गया है। बता दें कि देश में हर महीने की पहली तारीख को कई बदलाव होते हैं। अब अप्रैल का महीना खत्म होने जा रहा है। इसमें कुछ दिन ही बाकी रह गए हैं। इसके बाद मई महीने की शुरुआत हो जाएगी।

Author: Jai Lok







