
इंदौर/भोपाल (जय लोक)
इंदौर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये, इसके प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में गत दिवस अति. पुलिस उपायुक्त क्राइम इंदौर ने पुलिस टीम के साथ टाटा कंसल्टेन्सी सर्विस, इंदौरमें पहुँचकर, वहाँ के एम्पलाईज को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
सायबर अवेयरनेस के तहत टीएसएस इंदौर कैम्पस में आयोजित कार्यक्रम में एडीशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने, अपनी 227 वीं कार्यशाला मे उक्त कंपनी के करीब 200 एम्प्लॉयीज, ट्रेनीज व स्टाफ को वर्तमान समय के साइबर अपराधों के प्रकारों और इनसे बचने के तरीकों को बताते हुए, उन्हें पुलिस के पास आने वाली साइबर अपराधों की शिकायतों की केस स्टडी के आधार पर, विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, फाइनेंशियल फ्रॉड और सोशल मीडिया से संबंधित अपराधों के संबंध में व्यवहारिक ज्ञान दिया गया।
उन्होंने सभी से कहा कि आप सभी तो इस नई तकनीकी दुनिया से रोज परिचित होकर और आगे ले जाने वाले हैं। आने वाले समय में और नई-नई तकनीके देखने को मिलेगी, तो हमें और नई चुनौतियां भी मिलेगी और उसका सामना हम जब ही कर सकते हैं जब हम सतर्क और जागरूक होंगे। अत: हम छोटी-छोटी बातों जैसे-अपना निजी डाटा किसी अनजान से शेयर न करें, फर्जी लिंक पर क्लिक न करें, फर्जी और प्रलोभन देने वाले साइट्स से सावधानी आदि बातों का ध्यान रखकर अपनी वर्चुअल दुनिया को भी सुरक्षित बना सकते हैं।
सभी ने इंदौर पुलिस की इस अभियान की जमकर तारीफ करी और साइबर अपराधों से लोगों को बचाने की इस मुहिम को, स्वयं जागरूक रहकर तथा औरों को भी जागरूक करके, आगे ले जाएंगे यह संकल्प लिया।
इंदौर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के इस अभियान के तहत, यदि कोई स्कूल/कॉलेज, संस्थान, इकाई, कॉलोनी आदि में भी साइबर अवेयरनेस की कार्यशाला आयोजित करना चाहता है या कोई जानकारी चाहता है तो वह इंदौर पुलिस के नंबर 7049108197 पर संपर्क कर सकता है।

Author: Jai Lok







