
जबलपुर (जयलोक)।
रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके में रविवार रात एक शराब दुकान में तीन बदमाशों ने तलवार लेकर हमला किया और जमकर तोडफ़ोड़ की। इस हमले में दुकान के कर्मचारी अखिलेश गुप्ता को गंभीर चोटें आईं और उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घटना रात करीब 11 बजे की है जब तीन युवक, तलवारें लेकर दुकान में घुसे और शराब तथा पैसे मांगने लगे। अखिलेश गुप्ता ने बताया कि बदमाशों के पास पैसे नहीं होने की बात सुनकर वे गुस्से में आ गए और तलवार से दुकान की जाली तोडऩे लगे। इसके बाद, वे दुकान के अंदर घुसकर पूरी दुकान को तहस-नहस कर दिया और अखिलेश पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हमले के बाद, बदमाशों ने लगभग 10 मिनट तक दुकान में उत्पात मचाया और फिर फरार हो गए। घायल अखिलेश के साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। अखिलेश की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों, रेहान सोनकर, रोहित सोनकर और हरीश सोनकर के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Author: Jai Lok






