Download Our App

Home » अपराध » दिन रात मानेगाँव-मंगेली में हो रहा अवैध खनन: नहरों के रास्ते पर क्यों तैनात नहीं होती खनिज और पुलिस की टीम

दिन रात मानेगाँव-मंगेली में हो रहा अवैध खनन: नहरों के रास्ते पर क्यों तैनात नहीं होती खनिज और पुलिस की टीम

जबलपुर (जय लोक)
जबलपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले बरगी क्षेत्र के ग्राम मानेगाँव-मंगेली में इन दोनों खनन माफिया अवैध रूप से खनिज चोरी करने का काम खुलेआम दिन में तो कर ही रहा है साथ ही साथ यह काम पूरी रात भी जारी रहता है। बड़े आश्चर्य की बात है कि यह सारी जानकारी होने के बाद भी ना तो जिला प्रशासन ना ही खनिज विभाग और ना ही संबंधित थानों की पुलिस शासन को हो रही करोड़ों रुपए की हानि के संबंध में कोई ठोस कार्यवाही कर रहे हैं। बस सबको अपनी जेब भरने की चिंता है। अवैध खनन माफिया इस कदर बे लगाम हो चुका है कि वह शासकीय भूमि के साथ-साथ यहाँ पर स्थित निजी भूमि पर भी बेधडक़ चोरी करने से बाज नहीं आ रहा। बहुत से ऐसे स्थान है जहाँ पर आज से 2 महीने पहले पहाड़ नजर आते थे अब उसे स्थान पर 20-25 फुट के गड्ढे नजर आने लगे हैं। पूरे के पूरे पहाड़ अवैध खनन का शिकार हो गए और खनन माफिया इन्हें डकार गया। इन सारी बातों की जानकारी खनिज विभाग के छोटे से लेकर बड़े अधिकारियों तक को है।
बरगी, बरेला, तिलवारा क्षेत्र की पुलिस पर खुलेआम आरोप लगाते हैं कि वह खनन माफिया के गुर्गों  से पूरी तरीके से सेट है। कोई महीना बंदी में चल रहा है तो कोई प्रति चक्कर गाड़ी के हिसाब से पैसा वसूल कर रहा है। लेकिन इस पूरे खेल में केवल प्रदेश शासन को लाखों करोड़ों रुपए का चूना लगाया जा रहा है और प्रकृति के साथ भयंकर खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां तक की निजी भूमि स्वामियों को भी सीधे तौर पर आर्थिक क्षति पहुँचाई जा रही।
जानकारों का कहना है कि मानेगाँव-मंगेली के रास्ते पर और ग्राम मुहास से खिरैनी जाने वाले रस्ते पर जो नहर के रास्ते हैं उन्हीं रास्तों से अवैध खुदाई करने वालों ने जंगल में घुसने के रास्ते भी बना लिए हैं। शासकीय भूमि और पहाड़ों को काटकर अवैध उत्खनन करने वाला खनन माफिया अंदर जंगल तक पहुँच चुका है। यहाँ पर वन विभाग की भी बहुत बड़ी भूमि है जिसे बेरहमी से  अवैध खनन का शिकार बनाया जा रहा है। रोजाना 80 से 100 ट्रक, हाईवा, डंपर इन्हीं रास्तों से निकलते हैं। लेकिन ना तो मीनिंग विभाग के लोग इन्हें पकड़ते हैं और ना ही शासकीय संपत्ति चोरी करने वालों  के ऊपर पुलिस की कोई कार्यवाही होती है।
तो साफ हो जाएगा पूरा जंगल
पर्यावरण संरक्षकों और जानकारों का कहना है कि जिस तरीके से अवैध खनन माफिया मानेगाँव-मंगेली सहित आसपास के गांव में धड़ल्ले से अवैध खुदाई कर रहा है उसे हिसाब से तो कुछ ही साल में यह पूरा घना जंगल नक्शे से ही गायब हो जाएगा और केवल बड़े-बड़े तालाब नुमा गड्ढे ही नजर आएंगे।
अवैध तौर पर करते हैं ब्लास्टिंग
सूत्रों के अनुसार इस क्षेत्र में शासन द्वारा स्वीकृत कुछ खदानें भी संचालित है । इन खदानों को विधिवत रूप से नियम कानून के अनुसार ब्लास्टिंग करने की अनुमति प्राप्त होती है। लेकिन अवैध रूप से खुदाई करने वाले विस्फोट करने वाले लोगों को पैसे का लालच देकर अपनी अवैध खदानों में भी बोल्डर पत्थर निकालने के लिए अवैध रूप से ब्लास्टिंग करवा रहे हैं। इतने सारे गुनाह होने के बावजूद भी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का मौन धारण कर चुपचाप शासकीय संपदा को लुटते देखना आश्चर्य का विषय है।

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » दिन रात मानेगाँव-मंगेली में हो रहा अवैध खनन: नहरों के रास्ते पर क्यों तैनात नहीं होती खनिज और पुलिस की टीम
error: Content is protected !!