Download Our App

Home » कानून » जय महाकाल होटल का लाइसेंस सस्पेंड ,डिलाइट ग्रैंड और नानी की रसोई से लिए गए सैंपल

जय महाकाल होटल का लाइसेंस सस्पेंड ,डिलाइट ग्रैंड और नानी की रसोई से लिए गए सैंपल

जबलपुर (जयलोक)
खाद्य सुरक्षा प्रशासन और खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने कल कई होटलों में छापेमार शैली में कार्यवाही कर वहां बनाए जा रहे खाद्य व्यंजनों और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जाँच हेतु लिए हैं। कुछ स्थानों पर जाँच दल को संदिग्ध खाद्य सामग्री प्रतीत होने पर उसके भी नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। कार्यवाही के दौरान ब्योहारबाग स्थित जय श्री महाकाल होटल में बेहद गंदगी के बीच भोजन निर्माण पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से होटल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
जांच टीम में शामिल सहायक आपूर्ति अधिकारी संजय खरे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती भावना तिवारी, पल्लवी जैन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, श्रीमती माधुरी मिश्रा, विनोद धुर्वे आदि यहां की गंदगी को देखकर चौंक गए।
जांच दल में शामिल लोगों ने इसके अलावा सिविल लाइन में स्थित होटल ग्रैंड डिलाइट से उड़द दाल, चना दाल और काला नमक के नमूने जांच हेतु लिए हैं। इसी प्रकार रसल चौक के पास स्थित नानी की रसोई रेस्टोरेंट की भी जांच पड़ताल करने के लिए टीम अचानक वहां पहुंची। कुछ वस्तुओं के अमानक होने की शंका होने पर जांच हेतु सैंपल भी लिए गए जिसमें पनीर का नमूना, मैदा, आटा, चावल और तुअर की दाल के नमूने टीम द्वारा दिए गए हैं।
डेढ़ दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर भी जप्त
जाँच दल ने कार्रवाई के दौरान बिना दस्तावेज के रखे गए डेढ़ दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं जिनके बारे में होटल संचालकों से पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुए। इनमें 17 व्यावसायिक गैस सिलेंडर हैं और चार घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए हैं।
बहुत सी अनियमिताएँ पाई गई
जांच दल में शामिल लोगों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से एफएसएसएआई लाइसेंस पंजीयन की नियम शर्तों के अनुसार फूड सेफ्टी डिस्पले बोर्ड का प्रदर्शन करना अनिवार्य है, खाद्य सामग्री का निर्माण करने वाले व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण होना चाहिए। पीने के पानी और खाद्य सामग्री में उपयोग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पानी की जांच होनी चाहिए। पेस्ट कंट्रोल का पूरा काम सावधानी से होना चाहिए। लेकिन जांच दल को ऐसी बहुत सारी कमियां जांच के दौरान मिली हैं जिस पर कार्यवाही की जा रही है।

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » कानून » जय महाकाल होटल का लाइसेंस सस्पेंड ,डिलाइट ग्रैंड और नानी की रसोई से लिए गए सैंपल