
जबलपुर जयलोक।
भारतीय जनता पार्टी के संगठन के चुनाव के पहले चरण में बूथ समिति के पदाधिकारीयों के चुनाव हो रहे हैं । 20 नवंबर तक बूथ समिति के चुनाव पूरे हो जाएंगे। भाजपा की बूथ स्तर की कार्यकारिणी में अध्यक्ष सहित 12 सदस्य होंगे। इस बार बूथ स्तर पर जो सदस्य रहेंगे उन्हें भाजपा संगठन की ओर से पहली बार नए दायित्व भी दिए जाएंगे। इनमें व्हाट्सएप प्रमुख, मन की बात प्रमुख और लाभार्थी प्रमुख जैसे पद भी बूथ स्तर पर शामिल किए जा रहे हैं?। अब हर बूथ समिति में कम से कम तीन महिलाओं को भी सदस्य बनाया जाना अनिवार्य किया गया है।
अब नेटवर्किंग की योजना
भारतीय जनता पार्टी ने अब बूथ स्तर की कार्यकारिणी के गठन के जरिए बूथ स्तर पर नेटवर्किंग की योजना भी बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के कार्यक्रम को बूथ स्तर पर प्रसारित करने के लिए अब एक बूथ प्रमुख बनाया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से बूथ स्तर पर संपर्क रखने के लिए लाभार्थी प्रमुख भी बनाया जा रहा है। मतदाताओं से व्हाट्सएप पर संपर्क करने बूथ स्तर पर एक व्हाट्सएप प्रमुख भी कार्यकारिणी के सदस्यों में से ही बनाया जाएगा।
बूथ समिति के बाद शक्ति केंद्र का होगा गठन
भारतीय जनता पार्टी के संगठन के चुनाव में जबलपुर नगर में बूथ के चुनाव हो रहे हैं इन चुनाव में भाजपा के 2140 बूथों पर समितियां का गठन किया जा रहा है। बूथ स्तर पर 20 नवंबर को चुनाव पूर्ण हो जाने के बाद भाजपा के शक्ति केंद्र के चुनाव भी शुरू हो जाएंगे और शक्ति केंद्र के चुनाव 25 नवंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे।
मंडल के चुनाव में रहेगी गहमा-गहमी
भारतीय जनता पार्टी के बूथ समिति के और शक्ति केंद्र के चुनाव तो शांतिपूर्वक हो जाएंगे। लेकिन भाजपा की संगठन की एक प्रमुख इकाई मंडल होता है और मंडल के चुनाव को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं में बड़ी गहमा-गहमी रहती है। जबलपुर नगर में भाजपा के 16 मंडल गठित होंगे और इन्हीं मंडलों द्वारा भाजपा के नगर अध्यक्ष का चुनाव भी किया जाएगा।

Author: Jai Lok







