Download Our App

Follow us

Home » राजनीति » भाजपा देश का विकास करने वाली पार्टी है, अन्य राजनैतिक दल परिवारिक पार्टी-जेपी नड्डा

भाजपा देश का विकास करने वाली पार्टी है, अन्य राजनैतिक दल परिवारिक पार्टी-जेपी नड्डा

जबलपुर (जय लोक)
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज प्रबुद्धजन सम्मेलन में कहा कि प्रबुद्धजन समाज का नेतृत्व करते हैं। इसलिए इनसे वार्तालाप करना आवश्यक है। आज समय की आवश्यक प्रासंगिकता है, नजाकत है, आज देश देख रहा है कि हम कैसी राजनीति के दौर में थे, कैसी मानसिकता में देश को पहुँचा दिया गया था। यह कहा जाने लगा था कि अब इस देश में कुछ नहीं हो सकता है और बदलाव नामुमकिन है। हमें परिस्थितियों से समझौता करके ही रहना पड़ेगा। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दस वर्ष के कार्यकाल में देश को बदला है, बदल रहे हैं और आगे भी बदलेंगे।
मानस भवन में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जहाँ भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तो वहीं विपक्षीय राजनैतिक पार्टियों पर निशाना साधा। श्री नड्डा ने कहा कि अन्य राजनैतिक पार्टियां परिवारिक पार्टी हैं जो परिवार के सदस्यों के इशारों पर चल रही हैं। लेकिन भाजपा देश के विकास की पार्टी हैं।
कांग्रेस पर साथा निशाना
श्री नड्डा ने पार्टियों के परिवारवादी होने पर कहा कि भाजपा को छोडक़र सभी राजनैतिक पार्टियां देश का नहीं बल्कि परिवार का विकास कर रही हैं। आरजेडी, बसपा, तमिलनाडू पार्टी सहित अन्य पार्टियों का नाम लेते हुए कहा कि इन पार्टियों को चलाने वाले एक ही पार्टी के परिवारिक लोग हैं। वहीं कांगे्रस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांगे्रस मां, बेटा और बेटी की पार्टी है। जो भ्रष्टचार में लिप्त हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में परिवारवाद की राजनीति को खत्म किया है। हमारी राजनीति सबको साथ लेकर चलने की है। सबका साथ सबका विकास हमारी प्राथमिकता है। वहीं कांगे्रसी कहते है बेरोजगारी-महंगाई है। लेकिन मैं कहूँगा कि कांग्रेसी खुद बेरोजगार हो गए हैं।
भ्रष्टाचार पर वार
श्री नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने हमेशा भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाही की है। प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया था कि भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करेंंगे,  इसकी जड़ को ही खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि आईएनडीआई अलायंस में भ्रष्टाचार करने और भ्रष्टाचारियों को बचाने वालों का जमावड़ा लग गया। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाही कर रहे हैं। उन्होंने भ्रष्टाचारियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ जेल में हैं तो कुछ बेल में हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अंरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया जेल में हैं। वहीं राहुल गांधी, सोनिया गांधी बेल पर हैं। श्री नड्डा ने कहा कि आज यह तय करने का समय आ गया है कि इस देश में भ्रष्टाचारी दलों की जरूरत है या फिर भ्रष्टाचार से मुक्त कराने वाली भाजपा जैसे दल की जरूरत है।
भारत विकास की राह पर
जेपी नड्डा ने कहा कि आज भारत विकास की राह पर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हर देश में भारत का नाम है। जिस देश को भी मदद की जरूरत हुई सबसे पहले वहाँ भारत पहुँचा। मोदी सरकार के द्वारा सबसे बड़ी त्रास्दी के वक्त जिन देशों को दवा की जरूरत हुई, मोदी सरकार ने उन देशों को दवांए उपलब्ध कराईं।
जबकि विरोधी दलों ने कोरोना वैक्सीन को मोदी टीका की संज्ञा दी थी और लोगों को गुमराह किया था कि इसके डोज से असर नहीं हो रहा है। कोरोना काल में मोदी के नेतृत्व में सौ देशों को वैक्सीन पहुँचाई गई और 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन पहुंचाई  गई।
महिलाओं का जीवन स्तर सुधरा
श्री नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार में महिलाओं के जीवन स्तर में भी सुधार हुआ है। पहले कांगे्रस के राज में महिलाओं को चूल्हा जलाने के लिए जंगल से लकड़ी तोडक़र लाना पड़ती थी, फिर उन लकडिय़ों को जलाकर धुएं के बीच परिवार के लिए खाना बनाना पड़ता था। धुएं से महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने देश में 9 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को उज्जवला योजना का लाभ दिया और गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया।
12 करोड़ शौचालय बने
इसी तरह देश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को शौचालय के लिए बाहर जाना पड़ता था। महिलाओं की इस समस्या को देखते हुए मोदी सरकार ने देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनवाए। इसके साथ ही बिजली की समस्या से भी देश को निजात मिली। अब चंद मिनटों में लोगों के घरों में बिजली कनेक्शन पहुँच रहा है। वहीं गाँव-गाँव तक आज रोशन हुए हैं। जबकि कांगे्रस सरकार में शहरी क्षेत्रों में भी बिजली की समस्या थी। श्री नड्डा ने आगामी लोकसभा के चुनाव में प्रबुद्धजनों से देशहित में भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाने के लिए समाज के लोगों को प्रेरित करने का आव्हान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दीप प्रज्जवलन के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत किया गया। नगर भाजपा के अध्यक्ष प्रभात साहू तथा ग्रामीण भाजपा के अध्यक्ष रानू तिवारी ने भी श्री नड्डा का स्वागत किया। जबलपुर लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी आशीष दुबे ने स्वागत भाषण दिया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह तथा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम अध्यक्ष रिंकु विज ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले ने किया। श्री नड्डा इस कार्यक्रम के पश्चात शहडोल के लिए रवाना हुए।
नड्डा के आज के कार्यक्रम
श्री जेपी नड्डा यहां शहीद स्मारक में शाम 4.30 बजे भाजपा के त्रिदेव और पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम होटल नर्मदा जक्शन में करने के बाद सुबह यहाँ से प्रस्थान करेंगे।

Jai Lok
Author: Jai Lok

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS

Home » राजनीति » भाजपा देश का विकास करने वाली पार्टी है, अन्य राजनैतिक दल परिवारिक पार्टी-जेपी नड्डा
best news portal development company in india

Top Headlines

Live Cricket