भोपाल (जयलोक)
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश और देशवासियों के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध होने की कामना है।
मैहर जिले में नवरात्र के प्रथम दिन मां शारदा मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां के दर्शन के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं तांता लग गया। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां शारदा की उपासना कर व्रत उपवास शुरू किया।
मैहर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2081 पिंगल नव संवत्सर की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति का यह पर्व है, नवरात्रि के पावन पर्व पर हम सब कामना करें। विक्रम संवत का आज का दिन, नए वर्ष का पहला दिन हम सभी के जीवन में मंगल ही मंगल करे, ऐसी मैं कामना करता हूं। हमारा सौभाग्य है कि आज हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बालाघाट आ रहे हैं।चुनाव अभियान में मोदी जी की उपस्थिति प्रदेश को नई ताकत, संबल, ऊर्जा देगी। जिस प्रकार से पूरा देश और प्रदेश मोदीमय हुआ है, उसी कड़ी में मध्यप्रदेश और जोर शोर से अपने अभियान में लगेगा। जिस प्रकार से जनता का आशीर्वाद दिख रहा है, वो निश्चित रूप से मोदी जी को मिलेगा। सब जानते हैं शक्ति के मामले में, खासकर महिलाओं के मामले में कांग्रेस की दृष्टि और कांग्रेस की भाषा क्या रहती है? कांग्रेस के दिग्गज नेताओं पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि शक्ति का प्रताप है कि बड़े-बड़े दिग्गज अपने अपने घर से, लोकसभा क्षेत्र से नहीं निकल पा रहे हैं। अपने क्षेत्र में ही सीमित हो गए हैं।
मंत्रोच्चार के साथ देवी ने धारण किए नए वस्त्र
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 11:30 बजे त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा की पूजा-अर्चना की। वहां मौजूद पंडितों ने मां का शृंगार किया। मंत्रोच्चार के साथ माता जी को नया वस्त्र धारण कराया। मुख्यमंत्री यादव ने विश्व कल्याण के लिए मां शारदा से प्रार्थना की। मां शारदा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने उपस्थित रहे।
