अगले सप्ताह से पटरी पर आ जाएगी नगर निगम की अर्थव्यवस्था
सॉफ्टवेयर में हुआ सुधार, वर्तमान का टैक्स जमा होना शुरू
जबलपुर (जयलोक)
पिछले डेढ़- दो महीने से नगर निगम की आर्थिक स्थिति काफी बदहाल हो चुकी थी इसकी मुख्य वजह यह थी कि जो मुख्य पोर्टल नगर निगम के विभिन्न मदों के करों को जमा करने के लिए संचालित हो रहा था उसमें खराबी आ गई थी। खराबी भी ऐसी की साइबर अटैक के कारण जबलपुर से लेकर भोपाल तक के विशेषज्ञ इसे सुधारने में लगे हुए थे लेकिन लंबे समय से सफलता नहीं मिल रही थी। पोर्टल का पूरा डाटा डिलीट हो जाने के कारण ना तो नया टैक्स जमा हो पा रहा था और ना ही पुराने टैक्स की वसूली हो रही थी। नगर निगम इसी वजह से सामान्य रूप से अपने वेंडरों और ठेकेदारों का भुगतान भी नहीं कर पा रहा था। अब जाकर पोर्टल चालू हुआ है और वर्तमान टैक्स से संबंधित डाटा पुन: अपलोड हो जाने से वर्तमान के टैक्स जमा होना शुरू हो गए हैं। नगर निगम के वित्तीय अधिकारी वी एन बाजपाई ने बताया कि पोर्टल का काम तेजी से चल रहा है वर्तमान के टैक्स जमा होने शुरू हो गए हैं। जल्द ही पुराना बकायादारों का डाटा भी पोर्टल पर अपलोड हो जाएगा। अनुमानित तौर पर कहा जा रहा है कि अगले हफ्ते तक नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होने लगेगी। नगर निगम के ठेकेदारों एवं अन्य लोगों के भुगतान भी होने लगेंगे।
इनका कहना है
पोर्टल पर काफी चीजें शुरू हो चुकी हैं जिन चीजों पर अभी रुकावट आ रही है उन पर तेज गति से कार्य चल रहा है। अगले १० दिन के अंदर सभी अड़चनों को दूर कर लिया जाएगा और नगर निगम की अर्थ व्यवस्था पूर्ण रूप से सामान्य हो जाएगी।
प्रीती यादव, आईएएस, निगमायुक्त
![Jai Lok](https://secure.gravatar.com/avatar/47b82cb127ede5c425d568356794875f?s=96&r=g&d=https://jailok.com/wp-content/plugins/userswp/assets/images/no_profile.png)