
चेरीताल मुख्य मार्ग के अलावा कॉलोनी मोहल्लों की गालियों तक में जाम से लोग परेशान
जबलपुर (जय लोक)
चेरीताल से दमोह नाका के बीच फ्लाईओवर निर्माण के साथ हो रहे सडक़ निर्माण के कार्य में इस कदर लापरवाही हो रही है कि रोजाना हजारों लोगों को जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे बड़ी लापरवाही तो यह है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ना तो यहां पर निर्माणाधीन कंपनी की ओर से इंतजाम किए गए हैं, ना ही कंपनी के लोग डायवर्सन पॉइंट पर तैनात हैं और ना ही यातायात विभाग इस ओर ध्यान दे रहा है। नतीजा यह निकल रहा है कि हजारों की संख्या में रोज यहां से गुजरने वाले व्यक्ति परेशान हो रहे हैं।
एंबुलेंस-स्कूल बस तक को नहीं मिलता रास्ता
चेरीताल का यह मार्ग जबलपुर शहर के मुख्य मार्ग में से एक है इस मार्ग से कई अस्पताल भी जुड़ते हैं और कई स्कूलों का भी यही रास्ता है। हर कुछ देर में जाम लगने के कारण ना तो आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को जगह मिलती है और ना ही इस भीषण गर्मी में बसों में बैठे बच्चों को राहत मिल पाती है।
गलियों तक में लग रहा जाम
सबसे बुरी मुसीबत की बात यह है कि मुख्य मार्ग में जाम लगने के बाद लोगों को जल्दी निकलने की इतनी जल्दबाजी रहती है कि वह बिना सोचे समझे आसपास की कॉलोनी और मोहल्लों की छोटी गलियों में दो पहिया, चौपहिया वाहन, लोडिंग वाहन लेकर घुस जाते हैं। जिसके कारण इन सकरे मार्गों में भी घंटों तक जाम लग जाता है।
घरों में कैद हो जाते हैं लोग
मोहल्ले और गलियों में मुख्य मार्ग का यातायात डायवर्ट होने के कारण इनमें भी जाम लग जाता है जिसके कारण बहुत से लोग अपने घरों में कैद हो जाते हैं ना वह वाहन निकाल सकते हैं और ना ही खुद घर के बाहर निकल पाते है।

Author: Jai Lok






