
जबलपुर (जयलोक)। सदर बाजार के पास रहने वाली एक महिला की आज उसके ही घर पर रक्तरंजिश लाश मिली। महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। जिसको देखकर आशंका जाहिर की जा रही है कि महिला के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। पड़ोसियों ने जब महिला का शव देखा तो इसकी सूचना केंट पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पहुँची केंट पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए मामले की जाँच शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में महिला के साथ रहने वाले एक युवक पर हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। घटना के बाद से ही उक्त युवक गायब है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
मामला सदर गली नम्बर 19 का है। यहां केंट बोर्ड मेंबर किरण ठाकुर के मकान के बाजू में रहने वाली महिला की आज रक्तरंजिश लाश पाई गई। बताया जा रहा है कि महिला और युवक पिछले एक साल से किराए से रह रहे थे। यह मकान विशाल केसरवानी का बताया जा रहा है। हालांकि महिला और युवक कौन हैं कहां के रहने वाले हैं और इनका क्या नाम है यह किसी को नहीं पता। महिला के हाथ में अंजू और कार्तिक लिखा हुआ है जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला का नाम अंजू हैं। पुलिस हांथ में लिखे नाम के आधार पर उसके परिवार वालों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।

तीन दिनों से बंद था कमरा, बदबू आने पर खुला राज
पुलिस ने बताया कि जिस कमरे में युवक और महिला रहते थे वह कमरा पिछले तीन दिनों से बंद था। कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। लेकिन जब कमरे में दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों को शक हुआ। जिसके बाद इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब ताला तोड़ा तो अंदर महिला की लाश फर्श पर पड़ी हुई थी। फर्श पर खून फैला हुआ था। सिर पर धारदार हथियार के निशान मिले। जिसे देखकर साफ हो गया कि महिला की हत्या की गई है।
साथ रहने वाला युवक फरार
वहीं महिला के साथ रहने वाला युवक फरार बताया जा रहा है। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों एक साल से यहां किराए से रह रहे थे। लेकिन इस दौरान वे किसी से कुछ बोलते नहीं थी। जिसके कारण उनका नाम पता किसी को नहीं मालूम। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि युवक ने ही महिला की हत्या की है और हत्या के बाद कमरे के बाहर का ताला लगाकर आरोपी भाग गया।
घर का सामान भी बिखरा
पुलिस को जाँच में पता चला कि महिला की हत्या के दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई है। झड़प के दौरान घर का सामान बिखर गया। फर्श और दीवारों पर भी खून के छीटें मिलने की बात कही जा रही है।

पड़ोसियों को नहीं सुनाई दी झगड़े की आवाजें
दूसरी ओर पड़ोसियों का कहना है कि महिला की चीखें और झगड़े की आवाजें उन्होंने नहीं सुनी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिला और युवक शांत स्वभाव के थे। दोनों कम ही लोगों से मिलते-जुलते थे। किसी ने उनके बीच कभी झगड़ा या विवाद नहीं देखा था।
मृतिका की पहचान के बाद खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि पुलिस पहले महिला की शिनाख्ती के प्रयास में जुटी हुई है। महिला की शिनाख्त हो जाने के बाद काफी कुछ पता करने में आसानी होगी। महिला के साथ रहने वाला युवक कौन था इसका राज भी महिला की शिनाख्त के साथ उजागर हो जाएगा। फिलहाल तो पुलिस महिला के मोबाईल की कॉल डिटेल्स और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जाँच कर रही है।
खमरिया में फटा हेंड ग्रेनेट एक कर्मचारी घायल, एफ 9 सेक्सन की घटना, काम के दौरान हुआ हादसा
Author: Jai Lok







