
सफाई व्यवस्था पर ऊंगली उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष के वार्ड में सबसे अधिक 65 कर्मचारी और कचरा उठाने 9 वाहन तैनात, फिर भी लगा रहे आरोप-जीतू कटारे
जबलपुर (जयलोक)। नगर निगम मुख्यालय के सामने कल शाम को नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के द्वारा तालाबंदी का कार्यक्रम रखा गया है। इस प्रदर्शन के लिए जिन मुद्दों को चुना गया है उन मुद्दों पर मेयर इन काउंसिल के सदस्यों और भाजपा के पार्षदों ने प्रतिउत्तर देते हुए आरोपों को साबित करने की नेता प्रतिपक्ष के समक्ष बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। एमआईसी सदस्य सुभाष तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं कि लीज होल्ड जमीनों के नामांतरण और फ्री होल्ड के प्रकरणों में भ्रष्टाचार हुआ है। श्री तिवारी ने कहा कि 505 फ्री लीज होल्ड और 1000 से अधिक नामांतरण के प्रकरण हुए, एक पर भी नहीं लगा है भ्रष्टाचार का आरोप।

एमआईसी सदस्य श्री तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वे या तो एक भी प्रकरण में भ्रष्टाचार के प्रमाणित साक्ष्य दें अन्यथा आम नागरिकों के बीच में भ्रम फैलाने और निगम की छवि खराब करने पर माफी माँगते हुए तत्काल इस्तीफा दें। एमआईसी सदस्य श्री तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपरिपक्व रवैये के कारण हास्य का विषय बन जाते हैं।
सिर्फ मौखिक रूप से बेबुनियाद आरोप लगाना उचित नहीं हैं। लीज होल्ड भूमि पर एक हजार से अधिक लोगों के नामांतरण हुए हैं। 505 प्रकरण फ्री होल्ड के हुए हैं। किसी एक प्रकरण में भी भ्रष्टाचार होने के ना ही शिकायत हैं ना तो साक्ष्य हैं।

सबसे ज्यादा काम सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड में हुआ
भाजपा के पार्षद जीतू कटारे ने आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था पर ऊंगली उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष के वार्ड में सबसे अधिक 65 कर्मचारी और कचरा उठाने 9 वाहन तैनात हैं। पार्षद श्री कटारे ने कहा कि इसके बावजूद भी सफाई के मामलों में जागरूकता से सहयोग करने के बजाय विपक्ष केवल आरोपों की राजनीति कर रहा है। पूर्व में नेता प्रतिपक्ष के सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड में 242 करोड़ रूपये के विकास कार्य हुए हैं। यह कार्य स्मार्ट सिटी और नगर निगम के द्वारा कराए गए हैं।


24 घंटे में होती है दूषित पानी की जाँच
पार्षद जीतू कटारे ने कहा कि नगर निगम ने सभी जोन कार्यालयों में दूषित पानी के जाँच की व्यवस्था की है। कहीं से भी दूषित पानी की शिकायत आने पर 24 घंटे के अंदर सेंपल लेकर जाँच की जाती है।
केवल सडक़ों से हटाए जा रहे हैं अतिक्रमण
एमआईसी सदस्य ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाही केवल सडक़ों पर कब्जा करने वालों पर की जा रही है। यह ऐसे लोग हैं जो जगह मिलने के बावजूद भी सडक़ों से अतिक्रमण नहीं हटाते हैं और आम नागरिकों की जान को भी खतरे में डालते हैं।
स्वच्छता में फीडबैक देने में दूसरे नंबर पर रहे जबलपुर ने प्रदेश की इज्जत बचायी
Author: Jai Lok






