
अब स्कूलों की कक्षा में नहीं आलीशान होटल में प्रशिक्षण पाकर खुश नजर आ रहे हैं भाजपा संगठन के कार्यकर्ता
जबलपुर (जयलोक)। पहले भारतीय जनसंघ और अब जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी बनने वाले दल के बड़े-बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस संगठन को खड़ा करने और उसे मजबूत करने बड़े त्याग किए हैं और मुफलिसी और अभाव के दिन लंबे समय तक देखे हैं। इस दौर से भाजपा संगठन अब बाहर आ चुका है। पहले भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल की कक्षाओं में लगा करते थे और इन्हीं स्कूलों के कक्षा में कार्यकर्ताओंं के रहने और भोजन पानी तथा प्रशिक्षण की व्यवस्था सभी कुछ हुआ करता रहा। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओंं के लिए अब स्वर्णकाल आया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओंं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर एक आलीशान होटल में आयोजित हो रहा है।

भारतीय जनता पार्टी महानगर के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का कल शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत न्यू पनागर बाईपास में नवनिर्मित होटल वेर्टिवर ग्रैंड में हुआ है और आज भी यह प्रशिक्षण शिविर दिन भर चलेगा। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आज जिस होटल वेटिवर ग्रैंड में प्रशिक्षण ले रहे हैं वह शहर का नवनिर्मित नयनाभिराम और आकर्षक तथा सर्व सुविधाओं से युक्त है। इस तरह के एक भव्य होटल में कार्यकर्ता प्रशिक्षण लेकर निश्चित रूप से उत्साहित ही होंगे। इस आलीशान होटल में कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के साथ ही उन्हें इस नए आलीशान होटल में चाय नाश्ता और स्वादिष्ट भोजन, होटल की सुख सुविधाएं भी प्राप्त हो रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रशिक्षण में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को रात्रि विश्राम भी इसी आलीशान होटल में कराया गया है। होटल वेर्टिवर ग्रैंड के बड़े और सुविधा उक्त परिसर में प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन का यह लाभ हुआ है कि पहले ही दिन अलग-अलग सात सत्र दिनभर इस होटल परिसर में आयोजित हुए हैं।
कार्यकर्ताओं के दो दिनों से प्रशिक्षण शिविर में सांसद आशीष दुबे ने जनसंघ और भाजपा के इतिहास और संघर्ष तथा विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। सांसद श्री दुबे ने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन और वर्तमान तक की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने लंबे संघर्ष और संगठनात्मक मजबूती के बल पर आज एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। वहीं नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने भी कहां की भाजपा का कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात है। प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है और संगठन का मूल तत्व सीखने की भावना में निहित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वक्ताओं के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आव्हान किया।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद आलोक संजर भी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओंं की पार्टी है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ता विकास विषय पर विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति कार्यकर्ता ही होते हैं और इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण वर्ग आयोजित है आज इस प्रशिक्षण वर्ग में चार सत्र हो रहे हैं । लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन भी संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी और उसके पूर्व भारतीय जनसंघ के कार्यालय जहां किराए के कमरों में चला करते थे आज भारतीय जनता पार्टी का रानीताल में भव्य और सभी सुविधाओं से युक्त कार्यालय किसी कॉरपोरेट सेक्टर के कार्यालय से कम नजर नहीं आता है। इस कार्यालय का भी सुख भारतीय जनता पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ताओंं से लेकर बड़े से बड़े नेता उठा रहे हैं।


Author: Jai Lok






