
जबलपुर (जयलोक)। पिछले एक माह से चल रहे आइपीएल क्रिकेट का आज अंतिम मुकाबला गुजरात और बैंगलौर टीम के बीच खेला जाना है। इस मैच को लेकर जहां खेल प्रेमियों में तो उत्साह नजर आ ही रहा है साथ ही क्रिकेट सटोरियों ने भी इस मैच में अपने रूपये दोगुने तीन गुने करने की योजना बना ली है।

क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले सटोरियों ने आज आइपीएल के अंतिम मुकाबले के लिए अपनी फिल्डिंग जमा ली है। कोई गांव में चोरी छुपे सट्टा खिलाने के लिए तैयार है तो कोई किराए का मकान लेकर इस मैच पर पूरी नजर बनाए रखेगा। वहीं शहर की 36 थानों की पुलिस भी इन सटोरियों को पकडऩे के लिए अलर्ट है।

पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही कार्रवाही की जाएगी। आज आइपीलए के अंतिम मुकाबले में करीब सौ करोड़ का सट्टा लगने का अनुमान है। सटोरिये जहां रूपये दो गुने करने के लालच में टीमों की हार जीत पर पैसा लगाएंगे तो वहीं क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले भी हर बाल पर दाव लगवाकर अपनी जेबे भरेंगे।


सूत्रों का कहना है कि ऐसे कई सटोरिए हैं जो पुलिस से बचने के लिए शहर छोडक़र आसपास के जिलों में जाकर बैठ गए हैं। यहां चोरी छुपे सट्टा खिलाया जाएगा। वहीं अन्य जिलों के सटोरिए भी शहर में आकर किराए के मकान में हार जीत पर दांव लगाएंगे।
पुराने सटोरियों पर नजर- पुलिस क्रिकेट सट्टे के इस कारोबार को रोकने के लिए और सटोरियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने के लिए पुराने सटोरियों पर नजर रख रही है। जो हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आए हैं या फिर क्रिकेट सट्टे में जो शामिल रह चुके हैं उन पर भी नजर रखी जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों पर भी पुलिस की टीमों ने अपने अपने मुखविरों को अलर्ट कर दिया है।
Author: Jai Lok






