
स्कूल प्रबंधन और बच्चे के पिता के बीच हुई बहस
जबलपुर (जयलोक)। धनवंतरी नगर स्थित एसीसी स्कूल की मनमानी ने एक छात्र और उसके पिता को परेशान कर दिया। दरअसल आधा घंटा देरी से पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन ने छात्र को कक्षा में प्रवेश नहीं दिया। खास बात यह थी कि छात्र का पिता बार बार बच्चे की बीमारी और दवाईयों का हवाला देकर देरी की वजह को समझा रहा था। लेकिन स्कूल प्रबंधन ने छात्र के पिता की एक ना सुनी और छात्र को कक्षा में बैठने नहीं दिया। जिसको लेकर स्कूल प्रबंधन और छात्र के पिता के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा।
बच्चे के अभिभावक रामलाल तिवारी ने बताया कि उसका बच्चा फिट्स की बीमारी से पीडि़त है, उसकी दवाईयां चल रही हैं। दवा खाली पेट नहीं दी जा सकती, इसलिए सुबह नाश्ता कराने के बाद ही उसे दवा देनी पड़ती है। इसी प्रक्रिया में स्कूल पहुंचने में कुछ देर हो गई। जब वे अपने बच्चे को लेकर स्कूल पहुँचे तो स्कूल प्रबंधन ने कक्षा में बैठाने से इंकार कर दिया। जिसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा है।
नियम का हवाला देकर जिद पर अड़ा रहा स्कूल- बच्चे की बीमारी की बात सुनने के बाद भी स्कूल प्रबंधन अपनी जिद पर अड़ा रहा और बच्चे को स्कूल में प्रवेश नहीं दिया। स्कूल प्रबंधन ने बच्चे के पिता से कहा कि देरी से आने वाले बच्चों को प्रवेश नहीं मिलता है यहीं स्कूल का नियम हैं। आखिरकार छात्र और उसके पिता को वापस लौटा दिया गया।
स्कूल प्रबंधन पर उठ रहे सवाल- स्कूल प्रबंधन द्वारा नियम की आड़ में अपनी मनमानी चलाने को लेकर स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के अभिभावकों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन को बच्चे के स्वास्थ्य को देखते हुए उसे स्कूल में प्रवेश देना चाहिए था।





