Download Our App

Home » News » आरटीओ ने 1,528 वाहनों पर की कार्यवाही लगाया 59 लाख रुपये का जुर्माना, परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर कसा शिकंजा

आरटीओ ने 1,528 वाहनों पर की कार्यवाही लगाया 59 लाख रुपये का जुर्माना, परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर कसा शिकंजा

जबलपुर (जयलोक)। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध परिवहन, कर वंचना एवं सडक़ सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त प्रवर्तन अभियान के तहत संभागीय परिवहन सडक़ सुरक्षा दल, जबलपुर ने जून माह में उल्लेखनीय कार्यवाही करते हुए 1,528 वाहनों के विरुद्ध लगभग 59 लाख रुपये की चालानी कार्रवाई की है। विभाग की इस सतत कार्यवाही से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों एवं परिवहन माफियाओं में हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है।

जून माह के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में 26 वाहन बिना वैध परमिट, 17 ओवरलोड वाहन तथा 61 वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक माल बाहर निकला हुआ पाया गया। इसके अतिरिक्त 37 चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, 40 वाहन बिना वैध प्रदूषण प्रमाण-पत्र, 86 चालक बिना सीट बेल्ट तथा 159 वाहन बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के संचालित होते मिले, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई।

सडक़ सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए अभियान के दौरान 324 वाहन चालक मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाते पाए गए। इसके अलावा 2 वाहन बिना वैध बीमा तथा 2 वाहन बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के संचालित होते मिले। अन्य विभिन्न मोटरयान अपराधों में भी नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई।

परिवहन आयुक्त उमेश जोगा द्वारा प्रत्येक माह आयोजित राजस्व समीक्षा बैठकों में सभी क्षेत्रीय एवं प्रवर्तन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि अवैध परिवहन, कर चोरी, ओवरलोडिंग एवं मोटरयान अधिनियम के उल्लंघनों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इन्हीं निदेर्शों के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप जबलपुर संभाग में लगातार सघन जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
लगातार हो रही प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई से अवैध परिवहन करने वालों, परिवहन माफियाओं तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसी कारण कुछ असामाजिक तत्व एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक जांच दल की छवि धूमिल करने तथा विभागीय कार्यवाही को प्रभावित करने के उद्देश्य से भ्रामक एवं निराधार प्रचार-प्रसार का सहारा ले रहे हैं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी दुष्प्रचार से प्रभावित हुए बिना नियमों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

संभागीय उडऩ दस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे वाहन संचालन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, मोटरयान अधिनियम एवं सडक़ सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें तथा सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर प्रवर्तन कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » आरटीओ ने 1,528 वाहनों पर की कार्यवाही लगाया 59 लाख रुपये का जुर्माना, परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर कसा शिकंजा

Top Headlines

Live Cricket