
जबलपुर (जय लोक)। दरमियानी रात 1:30 एक शादी समारोह से लौट रहे वाहन निर्माणी जबलपुर के सक्रिय 36 वर्षीय श्रमिक नेता की सडक़ हादसे में दुखद मृत्यु हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खमरिया अस्पताल तिराहे के पास शहडोल से जबलपुर की ओर आ रही एक एम्बुलेंस ने उनकी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 36 वर्षीय असीम दुबे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक असीम दुबे ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लॉयज़ फेडरेशन की व्हीकल फैक्ट्री कार्य समिति के सचिव थे। उनकी मौत की खबर से कर्मचारी जगत में शोक की लहर छा गई।

आज शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम में किया गया। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार असीम दुबे अपनी मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 20 5ए 1445 पर सवार होकर अपने गृह ग्राम पिपरिया से लौट रहे थे। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही है एंबुलेंस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतर गई और पेड़ से टकरा गई।

हृदय विदारक हादसा
घटना के बाद मोटरसाइकिल सवार असीम दुबे को जब लोगों ने संभालने और उठाने की कोशिश की तो उनके हाथ वाहन की चपेट में आने से बुरी तरीके से टूट गए थे। लोगों ने तत्काल उनकी सांसे चेक की जो थम चुकी थीं। तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। खमरिया थाने में भी दुर्घटना के संबंध में सूचना दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एंबुलेंस में था मरीज
सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना के वक्त एंबुलेंस में भी मरीज सवार था जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। तत्काल उसे पुलिस और सुरक्षा गार्ड की मदद से दूसरे वाहन में अस्पताल भेजा गया।
Author: Jai Lok






