
भोपाल (जयलोक)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक टल गई हैं। पहले यह बैठक 18 और 19 जुलाई को राम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है। पार्टी जल्द ही बैठक की नई तारीखों की घोषणा करेगी।
जानकारी के अनुसार, दतिया विधानसभा उपचुनाव की व्यस्तता और आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए बैठक की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। फिलहाल संगठन का पूरा फोकस दतिया उपचुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर है। साथ ही विधानसभा सत्र में सरकार और संगठन की व्यस्तताओं को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। बैठक की तारीख टाली गई है, लेकिन आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं होगा।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक राम राजा की नगरी ओरछा में ही आयोजित की जाएगी। नई तारीखों का ऐलान जल्द किए जाने की संभावना है। इस बैठक में प्रदेशभर के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, राजनीतिक प्रस्तावों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व उपचुनाव और विधानसभा सत्र को प्राथमिकता दे रहा है, जिसके बाद कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
Author: Jai Lok






