
विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों पर तार गिरा
जबलपुर/मंडला, (जयलोक)। समीपस्थ जिले मंडला के नैनपुर थाना अंतर्गत हीरापुर गांव में करंट लगने से चार लोगों की मौत हुई है। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक गणेश विसर्जन के बाद लोग पंडाल में ही सो गए थे। तभी आज सुबह सुबह यहां करंट फैल गया। जिससे एक बड़ा हादसा हो गया।
यह घटना आज तडक़े सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हीरापुर गांव में बने गणेश मंच पर करीब 8 लोग सो रहे थे। तभी अचानक पास के बिजली के खंभे में लगे टीसी (अस्थायी) कनेक्शन के पास से एक हाई-टेंशन तार टूटकर सीधे मंच पर जा गिरा। तार गिरते ही पूरे मंच में करंट फैल गया और वहां सो रहे लोग बुरी तरह इसकी चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है। घायलों में प्रियांशु शामिल है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो घायलों का नैनपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। गणेश प्रतिमा हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में स्थापित की गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, गणेश विसर्जन करके आने के बाद पंडाल में 7-8 लडक़े सो रह थे। मंडला में पिछले दो दिनों से बारिश हुई थी। क्षेत्र में बारिश होने के कारण पंडाल और आसपास के स्थान में नमी थी। इसी वजह से टूटे तार के संपर्क में आने से लोग करंट की चपेट में आ गए। पंडाल में हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। गांव वालों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। नैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस घटना के बाद पूरा गांव गम में डूबा हुआ है, हर किसी की आंखें नम हो गई है। वहीं परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
शॉर्ट सर्किट से टूटा तार
पुलिस के मुताबिक, युवक गणेश पंडाल में सो रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर सो रहे लोगों के ऊपर गिर गया। टूटे तार के संपर्क में आने से लोग करंट की चपेट में आ गए।
——

Author: Jai Lok






