
जबलपुर (जय लोक)। एक कार से मिले चाकू के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच में लिया है। इस मामले में शुरू में कहा जा रहा था कि कार में एक नाबालिग युवती भी थी हालंाकि पुलिस इस बात से इंकार कर रही है। वहीं कार में मिले चाकू के मामले में जिस युवक को गिरफ्तार किया गया था यह वही युवक है जिसे पूर्व में भी बरगी क्षेत्र में कार में बंदूक लहराते हुए देखा गया था जिस पर पुलिस ने कार्रवाही की थी।
आरोपी का नाम रिदम राय बताया जा रहा है। संजीवनी नगर थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी ने बताया कि दो दिनों पूर्व 90 क्वार्टर के पास यह कार्रवाही की गई थी। जिसमें रिदम की कार में से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया था। कार्रवाही करते हुए कार को थाने लगा गया और मामला दर्ज किया गया।
पूर्व में भी विवादों में रह चुका रिदम – जिस युवक की कार से चाकू बरामद किया गया है वह युवक पूर्व में भी विवादों में रह चुका है। कुछ दिनों पूर्व बरगी में कुछ युवकों द्वारा चलती कार से बाहर निकलकर बंदूक लहराई गई थी। जिसमें रिदम का नाम सामने आया था। पुलिस के पास मामला पहुँचने पर एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने मामले को संज्ञान में लिया और कार्रवाही के आदेश दिए थे।
नेताजी के बजने लगे फोन – आरोपी एक स्थानीय नेता का करीबी बताया जा रहा है। जिसके सरंक्षण में वह फल फूल रहा है। वहीं आरोपी पर हुई कार्रवाही के बाद उक्त नेताजी के फोन थाने में आने लगे लेकिन पुलिस ने बिना कोई दबाव के अपनी कार्रवाही की।
पुलिसकर्मियों को भी मारी थी टक्कर – संजीवनी नगर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाही को लेकर यह बात भी सामने आ रही है कि कार्रवाही के दौरान रिदम ने भागने का प्रयास किया था। उसकी कार की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी बाल बाल बच गया। एएसआई हनुमान तिवारी और एसआई सतीष बागरी अन्य स्टॉफ मौजूद था। इसी दौरान थोड़ी देर बाद पीछे से संजीवनी नगर थाने की पेट्रोलिंग गाड़ी आई। पुलिस की गाड़ी देखकर रिदम राय डर गया और एक पुलिसकर्मी पैर पर गाड़ी चढ़ा दी थी।

Author: Jai Lok





