
कहो तो कह दूँ चैतन्य भट्ट
(जय लोक)। ये लोकायुक्त पुलिस से बड़े परेशान हैं बेचारे वे लोग जो रात दिन मेहनत कर करके इतना पैसा जोड़ते हैं, बंगले बनवा लेते हैं, रिजॉर्ट बना लेते हैं, गाडय़िां खरीद लेते हैं,सोना चांदी इकट्ठा कर लेते हैं, होटल बना लेते हैं लेकिन लोकायुक्त वाले एक झटके में उनकी पूरी इज्जत उतार कर उनकी फोटो अखबारों तक पहुंचा देते हैं। अब देखो ना ‘ सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पचमढ़ी’ में एक महाशय शर्मा जी एसडीओ हैं अच्छी भली गहरी नींद में सो रहे थे, पूरा परिवार रजाई में दुबका ठंड का आनंद ले रहा था। इसी बीच सुबह-सुबह पहुंच गई लोकायुक्त की टीम, ना ब्रश कर पाए ना फ्रेश हो पाए एक जगह बैठा दिया सारे परिवार को और फिर जो खखोलना शुरू किया तो भाई साहब की सात करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का पता लग गया, जिसमें छब्बीस लाख तो नगद घर में रखे थे, तीन किलो सोना था भाई साहब के पास, एक किलो चांदी, स्कॉर्पियो महिंद्रा बुलेट जैसी तमाम गाडिय़ां बंगले में खड़ी हुई थी, घरेलू सामान की कीमत ही लगभग पचास लाख थी, एक रिसॉर्ट दो करोड़ का था तो एक होटल एक करोड़ का था, लोकायुक्त वाले हिसाब लगाने में बड़े एक्सपर्ट होते हैं, उन्होंने कहा भैया आपने तो अपनी वैध आय से पांच सौ गुना ज्यादा पैसा कमा लिया है यह पैसा कहां से आया बताइए? अब इन लोकायुक्त वालों को कौन बताएं कि भाई साहब ने कितनी मेहनत की होगी, इतना माल इक_ा करने में, न जाने कितने पेड़ कटवा दिए होंगे, ना जाने कितने ठेकेदारों को ठेका दिया होगा, उनसे कमीशन लिया होगा, पचमढ़ी जैसी जगह में पोस्टिंग रही तमाम तरह के खट करम किए होंगे, वे तमाम रास्ते अपनाए होंगे जिससे दो नंबर का पैसा जेब में आ सके तब जाकर इतना कुछ इक_ा कर पाए होंगे। लेकिन आपने एक ही झटके में उनकी सारी कमाई पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया। सरकारी नौकरी में जब आदमी आता है तो यही सोच कर आता है कि तनख्वाह तो जेबखर्च के लिए आती है असली माल तो दो नंबर में ही पैदा होता है और यही वो भाई साहब कर रहे थे। लेकिन कहते हैं न कि हर जगह विघ्न संतोषी मौजूद रहते हैं। हो सकता है उन्हीं के डिपार्टमेंट के किसी जासूस ने खबर कर दी होगी लोकायुक्त को कि भाई जी के पास बहुत माल है आप छापा मार दो, इसलिए बड़े बूढ़े कह गए हैं कि सबको पटा कर रखना चाहिए। लेकिन कई बार ये भी होता है कि आदमी को लगता है कि सारा माल अपनी जेब में आ जाए और इसी चक्कर में शर्मा जी नप गए। अपनी तो लोकायुक्त वालों को एक सलाह है कि जबरिया किसी के यहां छापा मत मारो क्योंकि जब पूरे कुएं में ही भांग घुली हुई हो तो अकेले एक को पकडऩे से क्या होगा? हाल तो ये है कि जिस अफसर के घर पर जाओगे वहीं अटूट धनराशि मिलेगी, अभी तो शर्मा जी के नाम की संपत्ति का पता लगा है और खखोलोगे तो पता लगेगा कि नाते रिश्तेदारों के नाम पर भी करोड़ों की जायजाद है। लेकिन बेचारे शर्मा जी की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया है लोकायुक्त वालों ने ये बात ठीक नहीं है।
इसमें क्या बुराई थी
नई दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग के लिए सरकार ने ऐप तैयार किया था ताकि जितने भी दारुखोर हैं वे इस ऐप के माध्यम से घर बैठे दारू बुला लें। लेकिन कहते हैं ना सरकार कोई भी अच्छा काम करती है तो विरोधी उसमें मीन मेंख निकालने लगते हैं और यही हुआ भी। आम आदमी पार्टी वालों ने भारी विरोध कर दिया, अरे भाई जब दारू दुकानों में बिक रही है, लोग जाकर खरीद रहे हैं, बड़े-बड़े शोरूम टाइप की दुकान खुली हुई हैं जिसमें हर तरह की दारू अवेलेबल है तो अगर ऑनलाइन दारू मिलने भी लगे तो दिक्कत क्या है? दारू की दुकान में भीड़ कम होगी, सडक़ पर ट्रैफिक जाम नहीं होगा, वायु प्रदूषण कम होगा, पेट्रोल की बचत अलग होगी, कितने सारे फायदे हैं अगर ऑनलाइन बुकिंग होने लगे। सुई से लेकर जो चाहो ऑनलाइन मिल रहा है बस ऑडज़्र भर करना है दस मिनट में आपके घर पहुंच जाएगा सामान। अब जब सारी चीज मिल रही है तो दारू मिलने में दिक्कत क्या है? ज्यादा हल्ला मचा तो सरकार ने ऐप बंद कर दिया लेकिन जिन लोगों ने भी इसका विरोध किया है उनको ये समझ लेना चाहिए कि किसी की भी हाय बहुत खराब होती है विशेष कर दारूखोरों की तो ,उनका मन बहुत निमज़्ल होता है इसलिए अब भविष्य में कभी भी इस तरह का कोई ऐप आए तो शपथ ले लो कि उसका विरोध नहीं करोगे।
हिस्सा तो है
सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले में टिप्पणी करते हुए कहा कि रिश्वत मांगना सरकारी ड्यूटी का हिस्सा नहीं है। इसलिए इसकी जांच के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है। सुप्रीम कोटज़् ने तो अपनी टिप्पणी कर दी लेकिन अगर वास्तविकता में देखा जाए तो आजकल रिश्वतखोरी सरकारी ड्यूटी का प्रमुख अंग बन गया है। ऐसा कौन सा डिपाटज़्मेंट है जहां अपना वैध काम करवाने के लिए रिश्वत ना देना पड़े, मत दो आप रिश्वत, चप्पलें घिस जाएंगी, सर के बाल सफेद हो जाएंगे, दांत गिर जाएंगे लेकिन आपका काम नहीं होगा और अगर आपने रिश्वत दे दी तो संबंधित व्यक्ति आपके कागज आपके घर में आकर दे देगा। यही कारण है कि सरकार ने रिश्वतखोरी के मामले में कार्यवाही करने के लिए पहले अनुमति की शर्त जोड़ दी है कि अगर आपको कोई कार्यवाही करना है रिश्वतखोरी के मामले में तो पहले सरकार की अनुमति लेना पड़ेगी और सरकार से अनुमति मिलना नहीं, क्योंकि जब पूरा तंत्र ही इसी में लगा हो तो कौन अपने लिए गड्ढा खोदेगा। अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट कि इस टिप्पणी के बाद रिश्वतखोरों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए अनुमति की शर्त हटती है या नहीं।
सुपर हिट ऑफ द वीक
‘गजल और भाषण’ में क्या फर्क होता है एक दोस्त ने श्रीमान जी से पूछा
‘महबूबा की हर बात गजल लगती है और बीबी की हर बात भाषण’
श्रीमान जी ने समझाया।





