Download Our App

Home » Uncategorized » मप्र भाजपा में बदला सियासी शक्ति संतुलन, पुराने महारथियों का घटा दबदबा

मप्र भाजपा में बदला सियासी शक्ति संतुलन, पुराने महारथियों का घटा दबदबा

सत्ता और संगठन के पावर सेंटर से दूर हुए कई दिग्गज
नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की रणनीति पर पार्टी में मंथन

भोपाल (जय लोक)। मध्यप्रदेश भाजपा की राजनीति में इन दिनों पीढ़ी परिवर्तन का दौर दिखाई दे रहा है। कभी सत्ता और संगठन के सबसे ताकतवर केंद्र माने जाने वाले कई वरिष्ठ नेता अब राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया के प्रमुख मंचों से दूर नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार के गठन के बाद शुरू हुआ बदलाव अब संगठनात्मक ढांचे में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने अब नई टीम तैयार करने के साथ पुराने नेताओं के राजनीतिक अनुभव और प्रभाव को संतुलित रखने की चुनौती है।

मंत्रिमंडल से बाहर, राजनीतिक भूमिका सीमित
2023 के विधानसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल गठन में कई पुराने चेहरों को जगह नहीं मिली। नौ बार के विधायक गोपाल भार्गव, पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया, पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह, अजय विश्नोई और बिसाहूलाल सिंह जैसे अनुभवी नेता फिलहाल मंत्रिमंडल से बाहर हैं। इन नेताओं ने लंबे समय तक सरकार और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद वर्तमान सत्ता व्यवस्था में उनकी भूमिका मुख्य रूप से विधायक तक सीमित दिखाई देती है।
यह स्थिति केवल व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का विषय नहीं है, बल्कि भाजपा के भीतर बदलते नेतृत्व और क्षेत्रीय शक्ति संतुलन का संकेत भी मानी जा रही है।

संगठन में जगह, लेकिन निर्णय प्रक्रिया से दूरी
पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को पूरी तरह किनारे करने के बजाय संगठनात्मक जिम्मेदारियों में समायोजित करने की कोशिश की है। पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता को भवन निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण समिति का संयोजक बनाया गया है। अर्चना चिटनीस और उषा ठाकुर को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
गोपाल भार्गव, जयंत मलैया और नरोत्तम मिश्रा प्रदेश कार्यसमिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं, जबकि भूपेंद्र सिंह और कमल पटेल को कार्यसमिति में स्थान मिला है।
हालांकि, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और सत्ता के वास्तविक निर्णय केंद्रों के बीच अंतर को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। खासकर नरोत्तम मिश्रा की घटती सक्रियता और उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर कई सवाल उठे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, यशोधरा राजे सिंधिया और गौरीशंकर बिसेन जैसे अनुभवी चेहरे भी पहले की तरह सक्रिय चुनावी राजनीति में दिखाई नहीं दे रहे हैं।

अंचलवार बदलती सियासी तस्वीर
बुंदेलखंड-कभी शिवराज सरकार के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे गोपाल भार्गव, जयंत मलैया और भूपेंद्र सिंह की मंत्रिमंडल से अनुपस्थिति क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का विषय है। बुंदेलखंड की राजनीति में नए नेतृत्व के उभार के साथ पुराने समीकरण भी बदल रहे हैं।
ग्वालियर-चंबल: पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की सीमित होती सक्रियता और यशोधरा राजे सिंधिया के चुनावी राजनीति से दूर रहने के बाद इस क्षेत्र में नेतृत्व की नई पंक्ति तैयार करने की कोशिश दिखाई दे रही है।
महाकौशल और विंध्य: महाकौशल में अजय विश्नोई और गौरीशंकर बिसेन जैसे पुराने नेताओं की भूमिका सीमित हुई है। वहीं विंध्य में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला सरकार के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। इस क्षेत्र में भी पुराने कार्यकर्ताओं और नए नेतृत्व के बीच समन्वय महत्वपूर्ण रहेगा।
मालवा-निमाड़ और मध्य भारत: उषा ठाकुर और अर्चना चिटनीस को मंत्रिमंडल के बजाय संगठन में प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कमल पटेल और उमाशंकर गुप्ता को संगठनात्मक समितियों में स्थान देकर संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।

नई टीम के सामने पुरानों को साथ रखने की चुनौती
भाजपा की मौजूदा रणनीति को भविष्य के नेतृत्व की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व नई पीढ़ी को अवसर देकर संगठन में नई ऊर्जा और नई कार्यशैली विकसित करना चाहता है। लेकिन राजनीति में अनुभव, जनाधार और क्षेत्रीय प्रभाव की भी अपनी अहमियत होती है।
सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता भी लगातार महसूस की जा रही है। वरिष्ठ नेताओं की अपेक्षाएं, कार्यकर्ताओं की भावनाएं और नए नेतृत्व की प्राथमिकताएं एक साथ साधना आसान नहीं होगा।
अब निगाहें आगामी निगम-मंडल नियुक्तियों पर टिकी हैं। ये नियुक्तियां काफी हद तक स्पष्ट करेंगी कि भाजपा अपने पुराने राजनीतिक महारथियों को सत्ता की भागीदारी में कितनी जगह देती है।
मध्यप्रदेश भाजपा के सामने असली सवाल यही है कि क्या नई पीढ़ी के नेतृत्व का उभार पुराने अनुभव की ताकत के साथ आगे बढ़ेगा या सत्ता के बदलते शक्ति केंद्रों में पुराने महारथियों की भूमिका और सीमित होती जाएगी?

 

क्या साईं हॉस्पिटल में चल रहा है अवैध प्रसव का खेल

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » मप्र भाजपा में बदला सियासी शक्ति संतुलन, पुराने महारथियों का घटा दबदबा
error: Content is protected !!